logo

‘एकलव्य स्कूल का विरोध नहीं, लेकिन जगह बदले सरकार’ विधानसभा के पास सैकड़ों आदिवासियों का धरना 

‘एकलव्य स्कूल का विरोध नहीं, लेकिन जगह बदले सरकार’ विधानसभा के पास सैकड़ों आदिवासियों का धरना 

द फॉलोअप टीम, रांची: 
केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजना एकलव्य विद्यालय के निर्माण के विरोध में बुधवार को सैकड़ों आदिवासियों ने विधानसभा मार्च किया। पुलिस के रोकने के बाद वे जगन्नाथपुर से पास ही सड़क पर बैठ गए। सैकड़ों की संख्या में आदिवासी महिलाएं, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे थे। उन तख्तियों में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा मुर्दाबाद और बंधु तिर्की मुर्दाबाद लिखा था। बता दें कि राज्य में पांच एकलव्य विद्यालय का निर्माण होना है, इनमें से एक चान्हो में अमर शहीद वीर बुधु भगत के गांव सिलागाईं में होना है, जिसका स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं।  

सिलागाईं में स्मारक बने, स्कूल कहीं और 
राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. प्रवीण उरांव ने कहा कि वे स्कूल के निर्माण का विरोध नहीं कर रहे हैं। लेकिन 51 एकड़ की जिस जमीन को स्कूल के लिए तय किया गया ह, वो आदिवासी समाज के लिए ऐतिहासिक है। वहां कई तरह के आयोजन होते हैं। इसलिए सरकार वहां स्मारक बना दे और स्कूल के लिए किसी और स्थान का चयन कर ले। इससे उनकी विरासत बची रह जाएगी। 

शिलान्यास के दिन ही हुआ था विरोध 
24 अगस्त को स्कूल के शिलान्यास के दिन भी ग्रामीणों ने विरोध जताया था। विरोध के कारण केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा शिलान्यास स्थल तक नहीं पहुंच सके थे। इसके बाद उन्हें सांकेतिक रुप से कुछ दूरी से ही शिलान्यास करना पड़ा था। यह शिला भी ग्रामीणों ने उसी दिन तोड़ दिया था। इसके बाद लगातार स्कूल की जगह बदलने को लेकर वे मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी बात नहीं सुनी गई है। बुधवार को प्रदर्शन से पहले मंगलवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। हेमंत सोरेन ने कहा कि वे इस पर जिले के डीसी से बात करेंगें।