logo

भोजपुरी को लेकर CM के बयान पर पूर्णिमा नीरज सिंह का तंज, कहा- बोलियों और भाषाओं से ये देश बना है, बंटा नहीं है

भोजपुरी को लेकर CM के बयान पर पूर्णिमा नीरज सिंह का तंज, कहा- बोलियों और भाषाओं से ये देश बना है, बंटा नहीं है

द फॉलोअप टीम, रांची: 

भाषा और बोली को लेकर झारखंड में जारी ताजा विवाद के बीच विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने बड़ा बयान दिया है। झरिया से कांग्रेस पार्टी की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि बोलियों और भाषाओं से ये देश बना है। बंटा नहीं है। गौरतलब है कि बुधवार को पूर्णिमा नीरज सिंह ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल में एक पोस्ट के जरिए ये बात कही। पूर्णिमा नीरज सिंह के बयान का लब्बो-लुआब ये था कि भारत में विविध भाषा और बोलियां हैं। ये सभी साझा संस्कृति का हिस्सा है। भाषा से देश बंटता नहीं है बल्कि इनसे साझा संपर्क मजबूत होता है। उनका ये पोस्ट वायरल है। 

भोजपुरी को लेकर प्रदेश में सियासी बवाल
गौरतलब है कि मौजूदा वक्त में झारखंड में भोजपुरी, अंगिका और मगही भाषा को नियोजन में शामिल किया जाना चाहिए या शामिल नहीं करना चाहिए, इसको लेकर बहस जारी है। इस बीच सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का एक क्लिप सोशल मीडिया में वायरल हुआ। इस क्लिप में सीएम ने भोजपुरी भाषा को लेकर कुछ ऐसा कह दिया कि सियासी बवाल खड़ा हो गया। विपक्ष से लेकर भोजपुरी भाषी आम लोगों ने नाराजगी जताई। कहा कि सीएम भाषा के आधार पर प्रदेश की जनता को बांटने का काम कर रहे हैं। वहीं, गठबंधन में सहयोगी कांग्रेस इससे किनारा करती दिखी। 

मुख्यमंत्री का वीडियो क्लिप हुआ था वायरल
दरअसल, वायरल क्लिप मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के एक साक्षात्कार का था। इसमें सीएम कहते दिखाई दिए कि भोजपुरी भाषा-भाषी लोग डॉमिनेटिंग नेचर के होते हैं। सीएम ने कहा कि भोजपुरी झारखंड की भाषा नहीं है। हम झारखंड का बिहारीकरण क्यों होने दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें याद है कि कैसे अलग झारखंड की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में स्थानीय लोगों को पीटा जाता था। महिलाओं के साथ बलात्कार किया जाता था। आंदोलनकारियों की छाती पर पैऱ रखकर गाली देने वाले लोग भोजपुरी भाषी ही थे। इस बयान के बाद झारखंड में सियासत गर्मा गई। 

कांग्रेस पार्टी ने सीएम के बयान से किनारा किया
दिलचस्प बात ये है कि प्रदेश की सरकार में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सहयोगी कांग्रेस पार्टी ने सीएम के बयान से किनारा किया। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि भोजपुरी भी झारखंड की भाषा है। इसको नियोजन में शामिल भी किया जाना चाहिए। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक और हेमंत कैबिनेट में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि सीएम की बात को गलत संदर्भ में लिया गया। वहीं राजद कोटे से मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कुछ भी गलत नहीं कहा। शिक्षा मंत्री जगरन्नाथ महतो ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री ही बयान देंगे।