द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली:
एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2021 (Asian Boxing Championship 2021) का पहला स्वर्ण जीतने वाली हरियाणा की पूजा रानी (Rani Pooja) ने देश का मान बढ़ाते हुए अपना दम दिखाया। बता दें कि पूजा का सामना उजबेकिस्तान की मवलूदा से हुआ था। इससे पहले छह बार की विश्व चैम्पियन एमसी मैरी कॉम को अपनी प्रेरणा स्रोत्र मानने वाली भारत की निडर युवा मुक्केबाज लालबुतसाही को दुबई में जारी 2021 एएसबीसी एशियाई महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी चैंपियनशिप (2021 ASBC Asian Women's and Men's Boxing Championships) के फाइनल मुकाबले में हार मिली और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पहली बार एशियाई चैम्पियनशिप में खेल रहीं लालबुतसाही का 64 किग्रा के फाइनल में सामना कजाकिस्तान की मिलाना साफरोनोवा से हुआ।
लालबुतसाही को मिला रजत
बता दें कि पुलिस में काम करने वाली और 2019 विश्व पुलिस खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली लालबुतसाही अनुभवी साफरोनोवा से बिल्कुल नहीं डरीं और जमकर मुक्के बरसाए लेकिन 2-3 से यह मुकाबला हार गईं। भारत को दिन का दूसरा रजत मिला क्योंकि इससे पहले, मैरी कॉम अपने रिकार्ड छठे स्वर्ण से चूक गईं। मैरी कॉम को 51 किग्रा वर्ग के फाइनल में दो बार की विश्व चैंपियन नाजि़म काजैबे ने 3-2 से हराया। इस हार के साथ ही एशियाई चैम्पियनशिप में मैरी कॉम का रिकार्ड छह स्वर्ण पदक जीतने का सपना फिलहाल पूरा नहीं हो सका है। मैरी कॉम ने एशियाई चैम्पियनशिप में सातवीं बार हिस्सा लेते हुए दूसरी बार रजत पदक जीता है।