द फॉलोअप टीम, रांची
बेरमो के कोयलियरी क्षेत्रों में इन दिनों उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। बेरमो से कांग्रेस ने दिवंगत विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह के बड़े पुत्र जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वहीं दुमका से झामुमो के टिकट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन प्रत्याशी हैं। दोनों तरफ विरासत बचाने की जंग है। अनूप सिंह पर मां ने भरोसा किया और पार्टी ने उनपर भरोसा कर उन्हें टिकट थमाया है।
भाजपा के पास खोने के लिए कुछ नहीं
सच कहा जाए तो इस उपचुनाव में भाजपा के पास खोने के लिए कुछ नहीं है। क्योंकि दोनों सीटें भाजपा के पास नहीं थी। उपचुनाव में भाजपा को अगर एक भी सीट मिल गई, तो यह झामुमो गठबंधन के लिए मानसिक तौर पर एक बड़ा झटका होगा। इसलिए भाजपा ने उपचुनाव में पूरी ताकत झोंक देने की रणनीति तैयार की है। निश्चित रूप से बाटुल को मजदूरों से अधिक स्थानीय लोगों का समर्थन मिलेगा, लेकिन कोलियरी मजदूरों का झुकाव
अनूप सिंह की ओर इशारा करता नजर आ रहा है।
चर्चा: बेरमो से कौन बाजी मारेगा?
दरअसल, बेरमो कोयलांचल में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि इस बार यहां से कौन बाजी मारेगा? राजनीति की थोड़ी सी भी समझ रखनेवाले लोगों का कहना है कि वैसे तो बेरमो परंपरागत रूप से कांग्रेस की सीट रही है, या कहा जाए तो यहां की राजनीति की धुरी स्व. राजेंद्र सिंह के ईर्द-गिर्द ही घूमती रही है। यहां उनका एकछत्र राज रहा है। वे पांच टर्म विधायक रहे। गंभीर बीमारी की हालत में भी यहां के लोगों ने उन्हें जिता कर विधानसभा भेजा था। उनके गुजर जाने के बाद यहां के राजनीतिक माहौल में भी थोड़ा बदलाव आया है।
पिता के अधूरे सपने को पूरा करने की चाहत
राजेंद्र प्रसाद सिंह के आकस्मिक निधन के बाद बेरमो सीट खाली हुई थी। अनूप सिंह उनके बड़े पुत्र हैं। वे झारखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं और वर्तमान में इंटक से जुड़े हुए भी हैं। राजेंद्र सिंह के जीवनकाल में अनूप सिंह राजनीति में सक्रिय भूमिका में नजर आने लगे थे। इसलिए उनमें राजनीतिक समझ-बूझ आ चुकी है। उन्होंने पहली चुनावी सभा में बहुत ही संभल कर अपनी बातें रखीं। नामांकन के बाद अनूप सिंह ने कहा है कि उन्हें अपने पिता के अधूरे सपने को पूरा करना है। उन्होंने कहा है कि इस उपचुनाव में हम राजेंद्र बाबू के 30 सालों तक किए गए कामों को मुद्दा बनाएंगे और इसी संदेश के साथ जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि अपने पिता के अधूरे सपने को पूरा करना और उनके द्वारा बनाये गये बंद अस्पतालों को चालू करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद राजेंद्र बाबू की इस बगिया और बेरमो के पूरे परिवार को सुरक्षित रखना है।
महतो वोट में सेंधमारी कर सकते हैं लालचंद
बेरमो की राजनीति को करीब जानने-समझने वाले कुछ लोगों का कहना है कि असल में राजेंद्र सिंह की साख को बचाना कांग्रेस के लिए अगर प्रतिष्ठा प्रश्न बना हुआ है तो राजेंद्र सिंह के परिवार को अपना गढ़ बचाए रखने की चुनौती है। शुरुआती रुझान से मिल रहे संकेतों से ऐसा आभास होता है कि कांग्रेस मुकाबले में है। कांग्रेस में वोट कटने का उतना डर नहीं है, जितना कि भाजपा के उम्मीदवार योगेश्वर महतो बाटुल को है। उनका महतो वोट काटने के लिए राजनीति के पुराने धुरंधर पूर्व मंत्री रहे लालचंद महतो इस बार हाथी पर सवार हो गए हैं। यानी बसपा के टिकट पर चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। समझा जाता है कि बाटुल को मिलनेवाले महतो वोट में लालचंद महतो अगर सेंधमारी करेंगे, तो इसका सीधा नुकसान बाटुल होगा। भाजपा का वोट कटने से अनूप सिंह को फायदा मिलेगा।
सहानुभूति फैक्टर भी काम कर सकता है
यह भी कहा जा रहा है कि अनूप सिंह के साथ सहानुभूति फैक्टर भी काम कर सकता है। मजदूर नेता के रूप में राजेंद्र सिंह की बनी साख और उनकी छवि को अनूप भुना सकते हैं। कोलियरी क्षेत्र के मजदूरों का एक बड़ा तबका राजेंद्र सिंह के साथ वर्षों से जुड़ा रहा है। इंटक की राजनीति में लंबे समय तक हावी रहनेवाले राजेंद्र सिंह ने अपने जीवन काल में ही अपने बेटे को इंटक से जोड़ने का काम किया है। वर्तमान में इंटक की राजनीति में भी अनूप सिंह की एंट्री हो चुकी है। मजदूरों से जुड़ी कई समस्याओं को लेकर भी मजदूरों का स्वाभाविक रूप से अनूप की ओर झुकाव हो सकता है। इस मामले में बाटुल यहां कमजोर नजर आते हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में उनकी हार की वजह यही थी कि उन्होंने मजदूरों या वहां के लोगों के लिए काम नहीं किया। इसकी शिकायत वहां के लोग भी करते रहे हैं।
शुरुआती रुझान: अनूप सिंह की ओर झुकाव
स्व. राजेंद्र सिंह से भावनात्मक रूप से जुड़े लोगों का कहना है कि पिछली सरकार की अपेक्षा मौजूदा हेमंत सरकार कुछ तो बेहतर जरूर है। कोयला श्रमिक यूनियन से जुड़े कुछ नेताओं का कहना है कि कॉमर्शियल माइनिंग को लेकर जिस तरह से हेमंत सरकार ने केंद्र सरकार के खिलाफ रुख अपनाया है, वो कोलियरी क्षेत्रों के मजदूरों के हित में है। भाजपा की सरकार होती, तो कोलियरी क्षेत्रों का बंटाधार हो जाता। इसलिए इसका लाभ भी सत्तापक्ष को मिलने की संभावना है। बहरहाल, शुरुआती रुझान में अनूप सिंह की चर्चा अधिक है। दशहरा के बाद ही सही मायने में अंडर करंट पता चल पाएगा।