logo

झारखंड: विधायकों की खरीद-फरोख्त की सूचना, पुलिस ने होटलों में छापा मारकर 3 लोगों को हिरासत में लिया

11126news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में विधायकों की खरीद-फरोख्त की सूचना पर हड़कंप मच गया। विधायकों की खरीद -फरोख्त की सूचना पर गुरुवार देर रात और शुक्रवार तड़के पुलिस की विशेष टीम ने रांची के कई हाटलों में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कोतवाली इलाके के एक नामी-गिरामी होटल से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से भारी मात्रा में पैसों की बरामदगी की सूचना है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस तीनों को किसी गुप्त ठिकाने पर रखकर पूछताछ कर रही है। 

 

शीर्ष अधिकारियों ने नहीं दिया आधिकारिक बयान
गौरतलब है कि मामले में आधिकारिक रूप से कोई भी बयान देने से शीर्ष पुलिस अधिकारी बच रहे हैं। बता दें कि पिछले सप्ताह ही हवाला लेनदेन की सूचना पर रांची से धनबाद त कई जिलों में सघन तलाशी और छापेमारी अभियान चलाया गया था। उस दिन भी झारखंड के सियासी गलियारों में काफी हलचल थी। अलग-अलग तरीके से मामले की व्याख्या की जा रही थी। मीडिया में भी अटकलों का बाजार गर्म था। उस मामले की जांच अभी भी जारी है। 

 

रांची के कई बड़े होटलों में पुलिस ने की छापेमारी
ताजा मामले को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार देर रात रांची पुलिसको खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली थी कि कुछ लोग गोपनीय तरीके से राज्य सरकार के खिलाफ साजिश रचने में जुटे हैं। इसके लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश की जा रही है। सूचना के आधार पर रांची पुलिस की टीम ने काफी गोपनीय तरीके से रांची के बड़े होटलों में छापेमारी की। होटल से सूचना लीक ना हो इसके लिए पुलिस-कर्मियों को विशेष हिदायत भी दी गई थी। अधिकांश होटलों में पुलिस ने सादे लिबास में छापा मारा था। कार्रवाई काफी गुप्त रखी गई थी। 

 

पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है
पुलिस मुख्यालय से जुड़े शीर्ष सूत्रों के मुताबिक रांची के लोअर बाजार इलाके में एक बड़े होटल से पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सभी के पास से पैसों की बरामदगी हुई है। सभी को गुप्त ठिकाने पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक विधायकों की खरीद-फरोख्त संबंधी योजना की जानकारी पुलिस के हत्थे चढ़े लोगों ने दी। पूछताछ में मिली जानकारी के मतुाबि पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। शुक्रवार को पुलिस ने मामले में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जाकर जांच की है। पुलिस के आला अधिकारी व्यक्तिगत तौर पर मामले की निगरानी कर रहे हैं। कहा जा रहा है जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा किया जायेगा।