द फॉलोअप टीम
कोरोना बिहार में कोरोना मरीजों की बढ़ती तादात को देखते हुए केन्द्र सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाया है। केन्द्र से बिहार को और 264 वेंटिलेटर दिया गया है। इससे पहले भी 100 वेंटिलेटर केन्द्र की तरफ से बिहार को भेजा जा चुका है। इनमें से 25 वेंटिलेटर कोरोना के लिए डेडिकेटेड पटना के एम्स में लगाए जाएंगे और बाकी राज्य के अल-अलग अस्पतालों में भेजे जाएंगे। इस तरह से पिछले 2 महीने में केन्द्र की तरफ से 364 वेंटिलेटर राज्य को दिए गए हैं।
100 और वेंटिलेटर भेजेगा केन्द्र
इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से भी स्वास्थ्य विभाग को 30 वेंटिलेटर मुहैय्या कराया गया है। खबर है कि कुछ दिनों में 100 वेंटिलेटर की एक और खेप केन्द्र से भेजी जाएगी। वेंटिलेटर की संख्या पर्याप्त होने के कारण अब उन मरीजों को भी बचाया जा सकेगा जो इसके अभाव में दम तोड़ रहे थे। विशेषज्ञों की माने तो कोरोना वायरस के कारण सांस लेने में ही ही दिक्कत की सबसे ज्यादा शिकायत आती है। इन वेंटिलेटरों से ऐसे मरीजों की जान बचायी जा सकती है।
अब रोजाना मिलेंगे 175 रूपए
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डे के मुताबिक आइसोलेशन सेंटरों में इलाजरत कोरोना मरीजों के आहार दर और मेनू निर्धारण का भी आदेश जारी किया गया है। पहले जहां पौष्टिक आहार के लिए रोजाना प्रति मरीज अधिकतम एक सौ रुपये मिलते थे। वह अब प्रति मरीज अधिकतम 175 रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें सुबह का चाय एवं बिस्किट, नाश्ता, दिन का भोजन, शाम का चाय एवं बिस्किट समेत रात का भोजन भी शामिल है। साथ ही जहां आरओ की सुविधा नहीं है, वैसे आइसोलेशन सेंटरों पर बोतल बंद शुद्ध पानी के लिए प्रतिदिन प्रति मरीज 50 रुपये अतिरिक्ति निर्धारित किया गया है, ताकि मरीजों को शुद्ध पीने के पानी की कमी न हो।
मातृ मृत्यु दर में आई कमी
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डे ने कहा कि बिहार में मातृ मृत्यु दर में 2014 के बाद पहली बार 16 अंकों की गिरावट हुई है। 2014-17 के बीच राज्य में प्रति एक लाख पर 165 माताओं की मृत्यु हो जाती थी। सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (SRS) के अनुसार 2018 में वह आंकड़ा गिरकर 149 पर आ गया है। पूरे देश में जहां मातृ मृत्यु दर में पिछले तीन वर्षों में नौ अंकों की कमी आयी, वहीं बिहार में यह कमी 16 अंकों में आयी है। यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि किस तरह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर बड़े अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई है।
औसत आयु में भी इजाफा
बिहार में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की एक और बड़ी उपलब्धि यह है कि 2016 तक बिहार के लोगों का औसत आयु जहां 68.07 वर्ष था, वह एसआरएस 2018 के अनुसार बढ़कर 68.09 वर्ष हो गया है। इस तरह लोगों के औसत आयु में 2 महीने की वृद्धि हुई है। इसी तरह शिशु मृत्यु दर भी प्रति हजार 35 से घटकर राष्ट्रीय औसत 32 के बराबरी पर आ गया है, जो पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के क्षेत्र में भी बिहार आगे बढ़ रहा है और अब 86 फीसदी टीकाकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि इस प्रकार स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न मानकों पर पिछले तीन वर्षों में गुणात्मक सुधार हुआ है।