logo

आत्मविश्वासी युवाओं से भारत बनेगा आत्मनिर्भर, सेमिनार में बोले प्रधानमंत्री मोदी

5910news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को आत्मनिर्भर भारत के लिए शिक्षा और कौशल विकास से संबंधित सेमिनार को संबोधित किया। पीएम मोदी कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। इसमें उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए युवाओं में कौशल विकास की भूमिका पर विशेष बल दिया। 

'आत्मविश्वासी युवा बनाएगा आत्मनिर्भर भारत'
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आत्मनिर्भर भारत की पहली जरूरत आत्मविश्वासी युवा है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए जरूरी है कि युवाओं में आत्मविश्वास हो। आत्मविश्वास तब आता है जब युवाओं को अपनी शिक्षा, कौशल और ज्ञान में विश्वास होता है। उन्होंने कहा कि इस साल के बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए नये प्रावधान किये गये हैं, जिसमें कौशल विकास को प्राथमिकता दी गयी है। 

नई शिक्षा नीति में भारतीय भाषाओं पर है जोर
पीएम मोदी ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में विशेष तौर पर प्राथमिक शिक्षा में भारतीय भाषाओं के उपयोग को प्रोत्साहित किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्येक भाषा के विशेषज्ञों की ये जिम्मेदारी होगी कि वे कैसे दुनिया की सर्वश्रेष्ठ पाठ्य सामग्री को भारतीय भाषाओं में उपलब्ध करवाया जाये। 

लॉकडाउन के दौरान आत्मनिर्भर का आइडिया
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी के समय लॉकडाउन के दौरान आत्मनिर्भर भारत का नारा दिया था। उन्होंने कहा था कि सूई से लेकर जहाज बनाने तक में भारत को आत्मनिर्भर बनना होगा। स्वास्थ्य, रक्षा, शिक्षा सभी क्षेत्रों में भारत को आत्मनिर्भर बनना होगा तभी हम विश्व शक्ति बन पायेंगे। पीएम मोदी ने इसके लिए कौशल युक्त कुशल युवा की बात की थी।