logo

झारखंड में खत्म हुआ कोरोना का टीका, टीका केंद्रों से लौट रहे हैं लोग

झारखंड में खत्म हुआ कोरोना का टीका, टीका केंद्रों से लौट रहे हैं लोग

द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड में टीकाकरण की रफ्तार पहले से ही धीमी रही है। सोमवार को यह और भी धीमी हो गई है। राजधानी सहित राज्यभर के ग्रामीण सेंटरों में टीके की भारी कमी देखने को मिल रही है। लोग टीका केंद्रों से बिना टीका लिये ही लौट रहे हैं। राज्य में रविवार की शाम तक 47688 टीके ही बचे हुए थे। केंद्र ने आश्वासन दिया है कि सोमवार तक राज्य को 2.57 लाख टीके भेज दिये जाएंगे। लेकिन रांची से सभी जिलों में टीके को भेजना और फिर लोगों को टीका देना एक लंबी प्रक्रिया है, जिस वजह से आज राज्यभर में टीकाकरण प्रभावित है। संभव है कि आज दिन भर यही स्थिति रहेगी।


ग्रामीण क्षेत्रों में है ज्यादा प्रभाव 
राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण ज्यादा प्रभावित है। लोग टीका केंद्रों पर घंटों खड़े रहने के बाद भी बिना टीके लिये लौट रहे हैं। कई केंद्रों पर ताला लगा हुआ है। रविवार को भी कई केंद्रों पर लोगों को टीके नहीं मिले। लोगों में इस बात को लेकर काफी नाराजगी है। कई स्थानों पर टीकाकरण केंद्र के कर्मचारियों और आम लोगों के बीट इस बात को लेकर बहस भी हो रही है। लोग इस बात से नाराज हैं कि यदि टीका नहीं है तो उन्हें पहले क्यों नहीं बताया गया।


राजधानी के कई केंद्रों पर है भीड़ 
राजधानी रांची में भी टीके को लाकर मारामारी है। सभी केंद्रों पर लोगों की काफी भीड़ है, लेकिन टीका उपलब्ध नहीं है। ऐसे में कुछ लोग वापस अपने घर लौट रहे हैं, तो कुछ वहीं खड़े हो कर टीके का इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि राज्य में टीकाकरण की रफ्तार पहले से ही धीमी है। कई बार टीकाकरण रोका भी गया है। ऐसी स्थितियां रही तो कोरोना से जंग मुश्किल होगी।