द फॉलोअप टीम, रांची:
आस्थां के संग जब कल्पना उड़ान लेती है, तो फिजा इंद्रधनुषी हो ही जाती है। जिसमें उमंग, विश्वास के साथ शांति और खुशहाली के रंग कैनवास पर बिखर जाते हैं। शहर के कुछ छात्र-छात्राओं ने ऐसा ही कमाल दिखाया है। सरस्वती देवी की पूजा के अवसर पर इन बच्चों ने मां सरस्वती को एक कलात्मक पुष्पांजलि अर्पित की। आयोजन कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स एवं कलाकृति आर्ट फाउंडेशन ने किया था।
कला से श्रद्धा अर्पण सुखद एहसास: धनंजय
सीनियर छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती के प्रति अपनी वंदना को पेंटिंग्स के मार्फत कैनवास पर उतार दिया। मौके पर कलाकृति के निदेशक एवं चित्रकार धनंजय कुमार ने कहा कि सरस्वती पूजा के अवसर पर विद्या और कला की देवी मां सरस्वती को अपनी कला के द्वारा श्रद्धा अर्पित करना एक सुखद एहसास है।
25 पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई
कार्यशाला में बच्चों की बनाई हुई मां सरस्वती की 25 पेंटिंग्स को प्रदर्शित किया गया था। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। जिसमें संस्था की रजनी कुमारी, हर्ष, हर्षिता, शिखा का बहुमूल्य योगदान रहा। कार्यशाला में सुरुचि, रिचा, निजात, अर्चना, ईशा, जया, प्रिया, निकिता, तनीषा, रिंकी, शीतल, कोमल, सुमन एवं अमीषा ने भाग लिया।