द फॉलोअप टीम, खगड़िया:
कोरोना की बढ़ते संक्रमण को देखते हुए बिहार में लॉकडाउन लगा दिया गया है। इससे पहले बिहार में नाईट कर्फ्यू लागू थी। उसके बावजूद भी परबत्ता प्रखंड के सिराजपुर गांव में 30 अप्रैल की रात आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। ऑर्केस्ट्रा में बार बालाओं का अश्लील डांस हुआ। मौका तिलकोत्सव का था।
तिलक में ऑर्केस्ट्रा का आय़ोजन
जानकारी के मुताबिक गांव में किसी परिवार में तिलकोत्सव था। तिलक कार्यक्रम में ऑर्केस्ट्रा का आय़ोजन किया गया था। कार्यक्रम में पूरी रात ऑर्केस्ट्रा के नाम पर अश्लीलता परोसी गयी। सैकड़ों की भीड़ ऑर्केस्ट्रा का आनंद उठाने के लिए यहां जमा थी। आयोजन की खबर पुलिस को मिली तो आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। दोषियों की तलाश की जा रही है।
दूल्हे के पिता पर प्राथमिकी दर्ज
एफआईआर में जिस लड़के का तिलक था उसके पिता मनोरंजन चौधरी और साथ ही अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में आरोप है कि मनोरंजन चौधरी के बेटे के तिलक कार्यक्रम में पूरे गांव को भोजन पर बुलाया गया था। साथ ही आर्केस्ट्रा किया गया। इसमें सैकड़ों लोगों की भीड़ थी। पूरे बिहार में नाइट कर्फ्यू लगे होने की वजह से इस पर पाबंदी लगाई गयी थी।
फ़ेसबुक में हो रहा था लाइव
जो लोग इस कार्यक्रम में मौजूद थे उनमें से कुछ युवक ने फेसबुक में कार्यक्रम को लाइव अपडेट कर दिया था। वीडियो फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कराए जाने की बात कही जा रही है। कोरोना महामारी के इस संकट के बीच भी कई जगहों पर इस तरह का कार्यक्रम किया गया है।