द फॉलोअप टीम, जमशेदपुरः
राज्य में कोरोना संक्रमण (Corona Infection) के खतरे के बीच ब्लैक फंगस (Black Fungus) ने भी पांव फैलाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में आज फिर एक ब्लैक फंगस से ग्रसित मरीज कि मौत हो गई। बता दें कि टीएमएच अस्पताल (TMH Hospital) में अब तक तीन ब्लैक फंगस से पीड़ित मरीज सामने आ चुके हैं। अब फिर दवा के अभाव में कोल्हान में ब्लैक फंगस से एक मरीज की मौत हो गई है।
ब्लैक फंगस की दवा का है अभाव
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि कोरोना संक्रमितों के आंख में होने वाली ब्लैक फंगस बीमारी के लिए उपयोगी दवा का अभाव है। वहीं, सिविल सर्जन ने कहा कि सरकार ब्लैक फंगस बीमारी को लेकर काफी गंभीर है।
कोरोना से ग्रसित था मृतक
जानकारी के मुताबिक बिष्टुपुर स्थित टीएमएच अस्पताल में ब्लैक फंगस से पीड़ित व्यक्ति इलाज के लिए भर्ती हुआ, जो सरायकेला जिले के आदित्यपुर का रहने वाला था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आदित्यपुर का रहने वाला पीड़ित व्यक्ति पहले कोरोना संक्रमित था। उसने कांतिलाल गांधी अस्पताल (Kantilal Gandhi Hospital) में अपना इलाज कराया था। कोरोना ठीक होने के बाद घर लौटा, तो उसके आंख की रोशनी जाने लगी। इसके बाद उसे टीएमएच में भर्ती कराया गया।
उचित दवाइयां नहीं थी मौजूद
इसके साथ ही बताया जा रहा है कि टीएमएच में ब्लैक फंगस के इलाज को लेकर जरूरी एम्पोटेरिसिन वी (Empoterisin V) इंजेक्शन नहीं था। इस इंजेक्शन को पूरे झारखंड में खोजा गया, लेकिन वो नहीं मिला। टीएमएच और टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज के सलाहकर डॉ राजन चौधरी ने कहा कि ब्लैक फंगस के लिए जरूरी दवाओं का राज्य में अभाव है इसे जल्द से जल्द पूरा करना होगा।