द फॉलोअप टीम, रांची:
राज्य में रियायतों के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह अभी भी जारी है। कोरोना की दूसरी लहर अब थम गयी है। राज्य सरकार लॉकडाउन की शर्तों में कुछ और ढील देने का सोच रही है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार की गुरुवार को बैठक होगी। इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। आज की बैठक में स्कूलों में ऑफलाइन परीक्षा लेने का भी फैसला लिया जा सकता है।

संपूर्ण वीकेंड लॉकडाउन में मिलेगी छूट!
शनिवार की रात से सोमवार सुबह तक पूर्ण लॉकडाउन में छूट भी मिल सकती है। लेकिन धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं के लिए खोलने की इजाजत अभी भी नहीं है। इसमें अभी किसी तरह की छूट की संभावना नहीं है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर में राज्य की हेमंत सरकार ने स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत लॉकडाउन का एलान किया था। पहले इसमें कई प्रतिबंध लगाए गए और घटते संक्रमण के मामले के साथ धीरे-धीरे छूट भी गई। इसमें और छूट दिए जाने की संभावना है।
दूसरे राज्यों से हो सकता है बसों का परिचालन
22 अप्रैल से अभी तक स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह जारी है। इसके बाद सरकार से अनलॉक के तहत छूटें मिलीं। चोरी छिपे अंतरराज्यीय बसों की आवाजाही हो ही रही है। लोगों को एक राज्य से दूसरे राज्य में आने जाने में परेशानी हो रही है। उनकी परेशानी को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग और साफ-सफाई की तय शर्तों के साथ दूसरे राज्यों में बसों के आवागमन की अनुमति मिल सकती है।