logo

अब बिना रोकटोक कर सकते हैं मॉर्निंग वाक, झारखंड सरकार ने दी छूट, ऑनलाइन शॉपिंग की भी इजाजत

अब बिना रोकटोक कर सकते हैं मॉर्निंग वाक, झारखंड सरकार ने दी छूट, ऑनलाइन शॉपिंग की भी इजाजत
द फॉलोअप टीम-रांची-झारखंड सरकार भी अब धीरे-धीरे अनलॉक-1 में ढील देने लगी है। हेमंत सरकार ने अब ई-कॉमर्स में लगी पाबंदियां को हटा लिया है। यानी अब आप जरुरी के साथ गैरजरुरी चीजों की भी ऑनलाइन शॉपिंग कर सकते हैं। इससे पहले सिर्फ जरुरी सामानों को मंगाए जाने की ही अनुमति थी। इसके अलावा सरकार ने शर्तों के साथ स्टेडियम और सभी तरह के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को भी खोलने की इजाजत दे दी है। शर्त ये है कि स्टेडियम में सिर्फ खिलाड़ी जाएंगे दर्शक नहीं। मॉर्निग वॉक और एक्सरसाइज की भी छूट दी गई है। 
बैठक के बाद अधिसूचना जारी
गुरुवार को मुख्य सचिव सुखदेव सिंह की अध्यक्षता में सचिवों के साथ बैठक हुई थी। बैठक में इन तमाम सहूलियतों को तत्काल प्रभाव से देने पर सहमति बनी। इसके बाद मुख्य सचिव के हस्ताक्षर से अधिसूचना भी जारी कर दी गयी।
1 जुलाई से खुलेंगे धार्मिक स्थल, सैलून ?
खबरों की माने तो 1 जुलाई से सरकार कई और रियायत दे सकती है। राज्य के अंदर सीमित मात्रा में शर्तों के साथ बसों का संचालन शुरू हो सकता है। इसके लिए विभाग को होमवर्क करने को कहा गया है। वहीं धार्मिक स्थल और सैलून भी खोले जा सकते हैं। कॉस्मेटिक दुकानों को भी खोलने की संभावना है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में इसपर सहमति बनाने के लिए बैठक की जाएगी। 
अब भी कई चीजों पर रोक
कोरोना को देखते हुए सरकार की ओर से लगातार समीक्षा की जा रही है और आर्थिक गतिविधि में छूट दी जा रही है। लेकिन अब भी कई चीजों पर प्रतिबंध है। मसलन शादी-ब्याह और बड़े आयोजनों पर अब भी पूरी तरह से पाबंदी है।