द फॉलोअप टीम रांची- अगर आप किसी बैंक के ग्राहक हैं या फिर ATM का इस्तेमाल करते हैं, तो ये खबर खास तौर पर आपके लिए है। आपके लिए इसलिए क्योंकि 1 जुलाई से बैंक से जुड़े कई नियमों में बदलाव हो रहा है। तो आइए जानते हैं कि आखिर 1 जुलाई से कौन-कौन से नियम बदल रहे हैं और इसका कितना असर हम पर पड़नेवाला है।
अकाउंट में रखना होगा मिनिमम बैलेंस
कोरोना के दौरान आर्थिक गतिविधि नहीं चलने पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऐलान किया था कि किसी भी बैंक में सेविंग अकाउंट में मिनिमन बैलेंस की अनिवार्यता नहीं होगी। ये आदेश अप्रैल से जून महीने तक के लिए लागू था। इस नियम के कारण खाते में मिनिमम बैलेंस ना होने पर भी लोगों को किसी तरह का जुर्माना नहीं चुकाना पड़ता था। लेकिन अब 1 जुलाई से ये जरुरी हो गया है कि आप अपने खाते में मिनिमम बैलेंस रखें। नहीं तो बैंक फाइन लेगा।
ATM से कैश निकालने पर लगेगा चार्ज
लॉकडाउन और कोरोना के कारण लोगों को एटीएम से कैश निकालने के नियम में जो राहत दी गई थीं। वो भी एक जुलाई से खत्म हो रही है। आपको बता दें कि वित्त मंत्रालय ने 3 महीने के लिए एटीएम से कैश निकालने पर सभी ट्रांजैक्शन चार्जेस हटा लिए थे।
BOB फ्रीज करेगा अकाउंट
BOB यानी बैंक ऑफ बड़ौदा के उपभोक्ताओं के लिए कई सारी जानकारी है। हालांकि वो पहले से ही इस बारे में जानते होंगे लेकिन एक बार फिर हम आपको बता देते हैं। एक जुलाई से बैंक अपने अकाउंट को अपडेट नहीं करानेवाले ग्राहकों का खाता फ्रीज करने जा रहा है। इस संबंध में पिछले दिनों ग्राहकों को SMS भेजकर बैंक ने ये जानकारी भी साझा की थी। दरअसल बैंक ऑफ बड़ौदा में पिछले दिनों देना और विजया बैंक का विलय हुआ है। इसीलिए बैंक अपडेशन के लिए आधार, पैन और राशनकार्ड की आवश्यकता है। या ऐसी कोई और पहचान जिसमें डेथ ऑफ बर्थ लिखा हो।
बचत खाते पर PNB घटाएगा ब्याज
भारत के दूसरे सबसे बड़े सरकारी बैंक PNB ने बचत बैंक खाते पर वार्षिक ब्याज दर 0.50 प्रतिशत घटाकर 3.25 प्रतिशत कर दी है। बैंक की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना के मुताबिक नया नियम या फिर यूं कहें कि संशोधित ब्याज दरें 30 जून से लागू होने जा रही है।