logo

कोरोना से ही नहीं इस बीमारी से भी बचके रहना, झारखंड के इन जिलों में दे चुकी है दस्तक

कोरोना से ही नहीं इस बीमारी से भी बचके रहना, झारखंड के इन जिलों में दे चुकी है दस्तक
द फॉलोअप टीम, रांची
कोरोना के कहर के बीच झारखंड में एक और बीमारी ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। डॉक्टरों की माने तो ये बीमारी भी कम खतरनाक नहीं है। अबतक इस बीमारी से कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लिहाजा सावधान और होशियार रहने की जरुरत है। क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रदेश के गोड्डा और जमशेदपुर में जैपनीज इंसेफ्लाइटिस (जापानी बुखार) यानी मच्छरजनित रोगों ने दस्तक दी है। इन दोनों जिला में जैपनीज इंसेफ्लाइटिस के संदिग्ध मिलने के बाद सैंपल कलेक्ट कर जांच के लिए रिम्स भेजा गया था। जिसमें गोड्डा और जमशेदपुर में सात मरीजों में जैपनीज इंसेफ्लाइटिस की पुष्टि हुई है। 

अगस्त और सितंबर में मिले कई मरीज
गोड्डा के पोड़ैयाहाट में तीन मरीज अगस्त में मिले थे, जबकि पोड़ैयाहाट के ही एक ही परिवार में 6 छह सितंबर को 6 संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिसमें इस बीमारी की पुष्टि हुई है। इससे पहले अगस्त में ही जमशेदपुर में भी तीन मरीज मिले थे। राहत की बात ये है कि इस बार अभी तक एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। सभी का इलाज चल रहा है। जबकि इन दो जिलों को छोड़कर राज्य के किसी अन्य जिले में अभी तक इसके मरीज नहीं मिले हैं। 
छिड़काव सहित कई एहतियात की जरुरत
मच्छर जनित रोगों के नियंत्रण के लिए रोधी उपाय किए जा रहे हैं। इसके लिए राज्य भर में मलेरिया रोधी छिड़काव किए गए हैं। मलेरिया प्रभावित गोड्डा, दुमका, पाकुड़ और साहेबगंज में मलेरिया और कालाजार रोधी छिड़काव किए जा रहे हैं। 
पहले ही किया गया था अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने पहले ही राज्य के सभी उपायुक्तों को पत्र लिखकर आगाह कर दिया है। उपायुक्तों को लिखे पत्र में डॉ कुलकर्णी ने कहा है कि बारिश के कारण मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया, जैपनीज इंसेफ्लाइटिस आदि मच्छरजनित रोग फैलेंगे।  इन रोगों का शिकार होने के बाद मरीज शारीरिक रूप से कमजोर हो जाता है। राज्य में कोरोना का खतरा बढ़ा हुआ है और इससे निपटने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में मच्छरजनित रोगों के फैलने पर इसकी स्थिति और भी भयावह हो सकती है। इसके लिए उन्होंने अविलंब रोधी उपाय करने की हिदायत दी है।

जिलों के डीसी को दिए गए निर्देश 
प्रधान सचिव ने सभी डीसी को इसके लिए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके लिए कोविड-19 के लिए कार्यशील निगरानी टीम को मलेरिया की जांच के लिए आरडीटी किट एवं मलेरिया रोधी दवा भी उपलब्ध कराने को कहा है। ताकि क्षेत्र में सामान्य बुखार के अलावा मलेरिया बुखार की त्वरित पहचान कर कर मरीज का उपचार भी किया जा सके।

लक्षण मिलने पर नहीं करें देर
ऐसे मरीज जिन्हें सर दर्द, मांसपेशियों में दर्द, त्वचा पर निशान, उल्टी आदि के लक्षण दिख रहे हों वैसे लोग डेंगू या चिकनगुनिया के मरीज हो सकते हैं। ऐसे मरीजों का ब्लड सैंपल लेकर रिम्स या एमजीएम में इसकी जांच कराई जा सकती है। डॉक्टरों की माने तो बुखार के वैसे मरीज जिन्हें सिरदर्द, भ्रम की स्थिति, चक्कर आना, गर्दन में अकड़न आदि का लक्षण हो वह जैपनीज इंसेफ्लाइटिस के मरीज हो सकते हैं ।