logo

कोरोना मरीजों की बढ़ती तादात से डरने की जरुरत नहीं, देश में बढ़ गई है पहले से 10 गुना ज्यादा जांच, स्थिर है संक्रमितों के मिलने की दर

कोरोना मरीजों की बढ़ती तादात से डरने की जरुरत नहीं, देश में बढ़ गई है पहले से 10 गुना ज्यादा जांच, स्थिर है संक्रमितों के मिलने की दर
द फॉलोअप टीम, दिल्ली
सुबह उठकर जब हम और आप अखबार पढ़ते हैं, या टीवी खोलकर देखते हैं तो खबरें ये होती है कि आज भी भारत में 60 हजार से ज्यादा नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक नजर देखकर डरना स्वभाविक है। वो इसलिए, क्योंकि हम ये उम्मीद करते हैं कि संक्रमितों के मिलने की संख्या कम होगी, लेकिन करीब-करीब हर रोज 60 हजार या उससे ज्यादा कोरोना के केस मिलने की खबर आती है। असल में हमारा और आपका हालात में सुधार होने का पैमाना यही है कि मरीजों की संख्या में कमी आएगी, लेकिन सच केवल इतना ही नहीं है। ये भी देखने की जरुरत है कि टेस्टिंग कितनी हो रही है। पहले कितनी जांच हो रही थी और अब कितनी हो रही है। द फॉलोअप आपको बताएगा कि आखिर कैसे देश के हालात पहले से बेहतर हो रहे हैं और क्यों आपको रोजाना मिल रहे आंकड़ों को देखकर घबराने की नहीं बल्कि केवल सतर्क रहने की जरुरत है।

डरिए नहीं, सतर्क रहिए
देश में हाल के दिनों में तकरीबन हर रोज 60 हजार या उससे थोड़ा ज्यादा नए कोरोना के मामले मिल रहे हैं। यकीनन एक नजर देखकर कोई भी डर जाएगा। हम भी मानते हैं कि यह आंकड़ा भयावह है, लेकिन राहत की बात ये है या फिर यूं कहें कि अच्छी खबर ये है कि टेस्टिंग में पहले से 10 गुना इजाफा हुआ है। यानी 10 गुना कम टेस्टिंग हो रही थी तो भी इतने ही संक्रमित सामने आ रहे थे और 10 गुना ज्यादा जांच हो रही है तो भी मरीजों की संख्या उतनी ही है। यानी सच ये है कि जिस हिसाब से टेस्टिंग में तेजी आई है, उस हिसाब से मरीजों की संख्या नहीं बढ़ रही है। इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 15 दिनों से भारत में कोरोना पॉजिटिव रेट 8 फीसदी के करीब बना हुआ है।

जुलाई से अगस्त में 10 गुना ज्यादा टेस्टिंग
टेस्टिंग की बात करें तो जुलाई की तुलना में इसमें 10 गुना तेजी आई है। अब तक भारत में 3 करोड़ सैंपल की जांच हो चुकी है। लगातार हर रोज इसमें इजाफा भी हो रहा है, लेकिन नए मामलों को लेकर ग्रोथ फैक्टर एक पर्सेंट पर बना हुआ है। इसके अलावा मृत्यु दर और एक्टिव मामलों की संख्या में भी लगातार गिरावट देखी जा रही है।

ज्यादा टेस्टिंग ही है कोरोना पर काबू पाने का तरीका
मेडिकल एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि अगर कोरोना पर काबू पाना है तो टेस्टिंग क्षमता लगातार बढ़ानी होगी। मरीजों के सामने आने के बाद ही इससे बचाव के उपाय ढूंढने में मदद मिलेगी। क्योंकि जबतक आप संक्रमित और स्वस्थ को अलग नहीं कर सकेंगे, तबतक ये वायरस लगातार पैर पसारता रहेगा और नए-नए लोगों को अपनी चपेट में लेता रहेगा। आपको बता दें कि भारत में 14 जुलाई तक कुल 1.2 करोड़ सैंपल टेस्टिंग हुई थी, जो 16 जुलाई को बढ़कर 3 करोड़ पार पहुंच गई। सरकार का लक्ष्य पॉजिटिव रेट को घटाकर 5 फीसदी पर लाना है।

इन प्रदेशों पर है केन्द्र की विशेष नजर
केन्द्र सरकार की नजर यूं तो देश के सभी राज्यों पर है जहां से कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन उसका खास ध्यान फिलहाल पुडुचेरी, महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रेदश, वेस्ट बंगाल और बिहार जैसे राज्यों पर हैं, जहां पॉजिटिव मरीजों के मिलने की दर दूसरे राज्यों की तुलना में कहीं ज्यादा है।