द फॉलोअप टीम, अररिया:
बिहार के अररिया जिला स्थित जोगबनी में इस्लामपुर बॉर्डर एरिया में भारतीय नागरिकों और नेपाली सुरक्षाकर्मियों की बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से बढ़ा ये विवाद इतना बड़ा हो गया कि बात मारपीट तक पहुंच गयी। नेपाली सुरक्षाकर्मियों ने भारतीय नागरिकों पर लाठीचार्च कर दिया। वहीं स्थानीय लोगों ने नेपाली सुरक्षाकर्मियों पर पत्थरबाजी की। फिलहाल हालात नियंत्रण में है।
इस्लामपुर में खुली है भारत-नेपाल की सीमा
मिली जानकारी के मुताबिक ईस्लामपुर में भारत और नेपाल के बीच सीमा खुली हुई है। अक्सर लोग नेपाल और भारत के बीच नो मेंस लैंड में टहलने या चाय पीने चले जाते हैं। सोमवार को भी भारत की ओर से कुछ स्थानीय नागरिक वहां चाय पीने गये थे। नेपाल में कोविड की वजह से इस वक्त संपूर्ण लॉकडाउन लगा है। यही वजह थी कि नेपाली सुरक्षाकर्मियों ने भारतीय नागरिकों को नो मेंस लैंड से वापस जाने को कहा। इस बात पर कहासुनी हो गयी।
मामूली कहासुनी बाद में हिंसक झड़प में बदली
कहा जा रहा है कि मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद बाद में हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। नेपाली सुरक्षाकर्मियों ने भारतीय नागरिकों पर लाठीचार्ज किया। बदले में स्थानीय लोगों ने नेपाली सुरक्षाकर्मियों के ऊपर पथराव किया। ये पूरा इलाका फारबिसगंज अनुमंडल के अंतर्गत आता है। झड़प की सूचना मिलते ही फारबिसगंज डीएसपी रामपुकार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामलो को शांत करवाया। हालांकि, हालात तनावपूर्ण हैं। एहतियातन सीमा पर आवागमन ठप कर दिया गया है। भारतीय पक्ष की तरफ से एसएसबी को तैनात किया गया है।
स्थानीय लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की!
मामले में फारबिसगंज के एसडीओ सुरेंद्र कुमार अलबेला ने कहा कि कुछ लोगों ने वहां माहौल खराब करने की कोशिश की। ऐसे लोगों की पहचान करके कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीमा पर भारतीय पक्ष की तरफ से एसएसबी की 56वीं बटालियन को तैनात किया गया है। जवान हालात पर पैनी निगाह बनाए हुए हैं। एसएसबी 56वीं बटालियन के एसआई दिनेश प्रसाद भी वहां तैनात हैं।