logo

यह भी हुआ: नीलकंठ पढ़ते रहे बजट, भाजपा विधायक उनको सीएम बनाने की करते रहे मांग

5920news.jpg
द फॉलेअप टीम, रांची:
झारखंड विधानसभा में बजट सत्र पहले दिन से ही हंगामे से भरा रहा है। आज जब राज्य के वित्त मंत्री रामेश्वार उरांव बजट पढ़ने खड़े हुए तो हंगामे में अतिरिक्त  इजाफा हुआ। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि भाजपा ने सदन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को घोषित कर रखा है, हालांकि सत्ता पक्ष इसको मानने को अब तक तैयार नहीं है। इसके बावजूद बाबूलाल की उपस्थिति में भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा को मुख्यमंत्री बनाने की मांग करते रहे। वहीं नीलकंठ अपनी ओर से बनाया बजट भी सुनाते रहे।

भाजपा के भीतर गुटबाजी!
सदन में बाबूलाल की मौजूदगी में भाजपा के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा को सीएम बनाने की मांग करना पार्टी के भीतर गुटबाजी को ही इंगित करता है। जबकि भाजपा शुरू से ही बाबूलाल को नेताप्रतिपक्ष का पद देने की लड़ाई लड़ रही है।

सदन के भीतर समानांतर बजट
विपक्ष ने सदन के भीतर समानांतर बजट पढ़ा। पाठ भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने किया। जब वह कोई घोषणा करते तो उन्हें वेल में बैठकर सुन रहे विधायक नारेबाजी करते रहे। इस हंगामे के दौरान सरकार की ओर से वित्त मंत्री रामेश्‍वर उरांव ने बजट भाषण दिया।