द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के चरही क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक टेम्पो को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर एक बस से जा भिड़ा। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे स्थित एक गुमटी पर पलट गया, जिससे वहां मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ट्रक के नीचे दबने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए। लोगों की मदद से ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
