द फॉलोअप टीम, रांची:
जम्मू कश्मीर विधान परिषद के पूर्व सदस्य और नेशनल कांफ्रेंस के वरिष्ठ नेता त्रिलोचन सिंह वजीर का सड़ा-गला शव मिला है। त्रिलोचन सिंह वजीर का शव पश्चिमी दिल्ली स्थित बसई दारापुर इलाके में मौजूद एक फ्लैट से मिला है। दुर्गंध आने की शिकायत पर पुलिस ने फ्लैट की छानबीन की थी। त्रिलोचन सिंह वजीर का शव काफी बुरी हालत में था। शरीर में घाव का निशान है। पुलिस और एफएसएल की टीम जांच कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घाव का निशान गन शॉट का है या नहीं।

सड़ी-गली हालत में मिला त्रिलोचन सिंह
पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी उर्वीजा गोयल ने कहा कि 67 वर्षीय त्रिलोचन सिंह वजीर का शव सड़ी-गली हालत में पश्चिमी दिल्ली के बसई दारापुर इलाके में मिला। उनका शव एक फ्लैट में था। डीसीपी ने बताया कि मामले में धारा-302 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गौरतलब है कि जिस फ्लैट में त्रिलोचन सिंह वजीर का शव मिला, वो फ्लैट हरप्रीत सिंह खालसा नाम के शख्स के नाम पर है। हरप्रीत सिंह खालसा फिलहाल फरार है। पुलिस को शक है कि त्रिलोचन सिंह वजीर की हत्या में हरप्रीत सिंह खालसा का संलिप्तता है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।

3 सितंबर से ही गायब थे त्रिलोचन सिंह
मिली जानकारी के मुताबिक त्रिलोचन सिंह वजीर 1 सितंबर को जम्मू से दिल्ली आए थे। 3 सितंबर को उन्हें कनाडा जाना था, लेकिन त्रिलोचन सिंह ने फ्लाइट नहीं पकड़ी। परिवार वालों ने एयरपोर्ट से जानकारी हासिल करना चाहा जहां उनको बताया कि त्रिलोचन सिंह फ्लाइट में सवार नहीं हुए। परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। इस बीच गुरुवार को बसई दारापुर के लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि यहां एक फ्लैट से भयानक दुर्गंध आ रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस उस फ्लैट तक पहुंची। पुलिस को हैरानी हुई की फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। अंदर एक शव काफी बुरी हालत में था। शव के पास रखे मोबाइल फोन से पता चला कि मरने वाले शख्स का नाम त्रिलोचन सिंह वजीर है।

उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने त्रिलोचन सिंह की मौत पर दुख जाहिर किया। दोस्त त्रिलोचन सिंह वजीर की आकसमिक मौत की जानकारी मिली। वो विधान परिषद के पूर्व सदस्य थे। कुछ दिन पहले उनसे जम्मू में मिला था। नहीं पता था कि ये आखिरी मुलाकात होगी। उनकी आत्मा को शांति मिले।