द फॉलोअप टीम, रांची :
एक ओर राज्य में वेंटिलेटर (Ventilator) की कमी से मरीज दम तोड़ रहे थे वहीं, दूसरी तरफ राज्य के विभिन्न अस्पतालों सैकड़ों वेंटिलेटर कबाड़ की तरह धूल फांक रहे हैं। बता दें कि करीब एक साल पहले राज्य को पीएम केयर्स फंड (PM Cares Fund) के तहत 500 वेंटिलेटर मिले थे जिसे अब तक उपयोग में नहीं लाया जा सका है। कोरोना महामारी (Corona epidemic) के इस दूसरे लहर में हज़ारो लोगों की मौत के बाद भी इन वेंटिलेटरों का प्रयोग नहीं किया गया है।
पड़े-पड़े खराब हो गये वेंटिलेटर पार्ट्स
जानकारी के मुताबिक राज्य को पीएम केयर्स के तहत पिछले साल 500 वेंटीलेटर मिले थे। इनमें लगभग 149 वेंटिलेटर अभी तक अनइंस्टॉल्ड ही है। 50 के पार्ट्स रखे-रखे बर्बाद हो गए हैं। जो इंस्टॉल्ड किए भी गए हैं उन्हें चलाने के लिए पर्याप्त संख्या में न डॉक्टर हैं और न टेक्निशियन। सरकार की ओर से गठित कोविड टास्क फोर्स (Covid Task Force) की टीम में महत्वपूर्ण भूमिक निभा रहे एक अधिकारी कहते हैं कि वेंटिलेटर के लिए जरूरी होता है पाइपलाइन से गैस सप्लाइ की व्यवस्था होना। राज्य के सभी जिलों में सही से अभी तक इसकी ही व्यवस्था नहीं हो पाइ है तो वेंटिलेटर कहां से इंस्टॉल हो जाता।
वेंटिलेटर में है खामियां- रिम्स प्रबंधन
मामले के संबंध में रिम्स के कोविड वार्ड के इंचार्ज प्रदीप भट्टाचार्य (Pradeep Bhattacharya) ने बात को घूमते हुए PM केयर फंड से मिले वेंटिलेटर की खामियां तक बता दी है। उन्होंने बताया कि पीएम केयर फंड से आए 45 वेंटिलेटर काम नहीं कर रहे हैं। सभी वेंटिलेटर में कुछ न कुछ गड़बड़ी है। क्वांटिटी के साथ क्वालिटी पर भी ध्यान देने की जरूरत है। ये काफी दुर्भाग्यपूर्ण बात है।