logo

India Corona Update: लगातार चौथे दिन मिले 4 लाख से ज्यादा मरीज, 4 हजार से ज्यादा की मौत

8272news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

भारत में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर बेकाबू होती जा रही है। लगातार चौथे दिन भारत में 4 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में भारत में 4 लाख 3 हजार 738 कोरोना मरीज मिले। इस बीच 4 हजार 92 मरीजों की मौत हो गयी। इस दरम्यान 3 लाख 86 हजार 444 लोगों ने कोरोना को मात दी। अब तक 1 करोड़ 83 लाख 17 हजार 404 कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं। भारत में तमाम प्रयासों के बाद भी केस बढ़ते जा रहे हैं। 

भारत में करीब ढाई लाख मरीजों की मौत
भारत में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब तक 2 लाख 42 हजार 362 तक पहुंच गयी है। 8 मई तक भारत में 30 करोड़ 22 लाख 75 हजार 471 लोगों का सैंपल लिया गया। भारत में वैक्सीनेशन अभियान भी जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक सात मई तक 16 करोड़ 94 लाख 39 हजार 663 लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। भारत में वैक्सीनेशन कार्यक्रम की शुरुआत 16 जनवरी से की गयी थी। 1 मई से वैक्सीनेशन का तीसरा चरण जारी है। 

वित्त मंत्रालय ने राज्यों के लिए जारी किया पैसा
भारत में विभिन्न राज्यों को कोरोना महामारी के खिलाफ जंग के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत है। इसी को ध्यान में रखते हुए वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 25 राज्यों के लिए 8 हजार 923 करोड़ रूपया जारी किया है। इस राशि से ग्रामीण स्थानीय निकायों को अनुदान प्रदान किया जायेगा। स्थानीय निकाय द्वारा ये राशि कोरोना महामारी की रोकथाम सहित वैक्सीनेशन कार्यक्रम के लिए किया जायेगा। पीएम मोदी ने कहा था कि महामारी को गांवों तक पहुंचने से रोकना होगा। 

राज्यों ने कोरोना महामारी के लिए किया उपाय
इधर कोरोना महामारी के बीच कई राज्यों ने अपने-अपने तरीके से प्रयास किया है। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए किसी राज्य ने नाईट कर्फ्यू का तरीका अपनाया तो कहीं पंद्रह दिन का संपूर्ण लॉकडाउन लगाया गया। किसी-किसी राज्य ने वीकेंड लॉकडाउन और धारा-144 का सहारा लिया है। राज्यों और केंद्र के बीच आर्थिक सहायता और वैक्सीनेशन को लेकर तल्खी भी दिखी है।