logo

विधायक सरयू राय और अमर बाउरी को हुआ कोरोना, राज्य में मिले 3 हजार 992 नए मरीज

विधायक सरयू राय और अमर बाउरी को हुआ कोरोना, राज्य में मिले 3 हजार 992 नए मरीज
द फॉलोअप टीम, रांची: 

विधायक अमर बाउरी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अमर बाउरी चंदनकियारी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। विधायक ने ट्वीट कर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी। अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर अमर बाउरी ने लिखा कि "अस्वस्थता के कुछ लक्षण दिखने पर मैंने कोरोना टेस्ट करवाया और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर्स की सलाह ले रहा हूँ और खुद को आइसोलेशन में रख रहा हूँ। आप सभी स्वस्थ रहें और अपना ध्यान रखें"।

विधायक सरयू राय भी कोरोना संक्रमित
विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सरयू राय पूर्वी जमशेदपुर सीट से निर्दलीय विधायक हैं। वे पहले भारतीय जनता पार्टी में रह चुके हैं। सरयू राय ने भी ट्वीट कर खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी। अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर सरयू राय ने लिखा कि "कोरोना वायरस के शुरुआती लक्षण के चेक-अप के बाद मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। डॉक्टर से सलाह के बाद अभी में घर पे हूँ। दो दिन पूर्व ही मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया था। मेरे संपर्क में आये सभी लोग खुद को आइसोलेट कर जांच करवा लें"।

झारखंड में संक्रमण से हालात बेकाबू हैं
झारखंड में कोरोना संक्रमण की वजह से हालात बेकाबू हैं। बीते 24 घंटे में राज्य में 3 हजार 992 मरीज मिले हैं। राजधानी रांची में 1 हजार 73 मरीज मिले हैं। राज्य में इस अवधि में 50 लोगों की मत हो गयी। इस बीच 1 हजार 551 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। कोरोना की वजह से सर्वाधिक मौत पूर्वी सिंहभूम में हुई है।