logo

सीएनटी एक्ट में संशोधन करने वाली भाजपा आदिवासी हितैषी होने का ढोंग ना करे: बंधु तिर्की

9522news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
विधायक बंधु तिर्की आज रूपा तिर्की के घर पहुंचे। उनके परिजनों से मिलकर फिर भरोसा दिलाया कि उन्हें  न्याय जरूर मिलेगा। रूपा की संदेहास्पद मृत्यु की जांच सीबीआई से कराने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखने के साथ-साथ स्वयं जाकर उनसे मांग की है। मुख्यमंत्री को इसमें विलंब नहीं करना चाहिए। वहीं बोले कि सीएनटी एक्ट 1908 में संशोधन कर इसे आदिवासी हित कहकर हेलीकॉप्टर से पर्चे बांटने वाली भाजपा आदिवासियों की हितैषी होने का ढोंग ना करे। 

भाजपा फिजुल कर रही टीएसी पर विवाद
बंधु तिर्की ने टीएससी नियमावली संशोधन पर सरकार का बचाव करते हुए कहा कि पिछले डेढ़ वर्षो से टीएससी गठन का मामला अटका हुआ है। तब कभी किसी भाजपा के नेता का कोई बयान नहीं आया। जब मुख्यमंत्री इसे सुलभ करते हुए गठन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं तो भाजपा, आरएसएस वालों के पेट में दर्द हो रहा है। जबकि छत्तीसगढ़ में भाजपा के तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह ने वर्ष 2006 में ही पीएसी के गठन को लेकर संशोधन किया था, वही संशोधन अब झारखंड की वर्तमान सरकार ने किया है।

भाजपा सरकार में कई संस्थान हुए बरबाद
बंधु ने भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप लगाया है कि तब जनजातीय शोध संस्थान(TRI), झारखंड राज्य आदिवासी सहकारी विकास निगम लिमिटेड(tcdc) को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। इनके कार्यकाल में संवैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत जनजातीय उपयोजना (ट्राईबल सबप्लान) मद में आदिवासियों के सामाजिक,आर्थिक, शैक्षणिक उत्थान हेतु केंद्र सरकार से प्राप्त हजारों करोड़ की राशि दूसरे मद में खर्च कर दी गई। इस राशि का उपयोग मोमेंटम झारखंड जैसी फिजूल के आयोजनों में किया गया।