logo

पुलिस को अब तक नहीं मिल पाया 3 दिन से लापता छात्रा का सुराग

पुलिस को अब तक नहीं मिल पाया 3 दिन से लापता छात्रा का सुराग
द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर : 
शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र में रहने वाली एक कॉलेज की छात्रा मामोनी मुखी तीन दिन से लापता है। लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। इससे परेशान युवती के परिजनों ने एसएसपी से बेटी का पता लगाने के लिए गुहार लगाई है। हालांकि घटना की लिखित शिकायत परसुडीह थाने में दी। परिवार वालों ने अपहरण की आशंका जताई है, मगर थाने से किसी तरह की पहल न होने पर परिवार के लोग काफी मायूस हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मामोनी के मोबाइल नंबर की पूरी डिटेल निकालकर जांच कर रही है।

13 मार्च को फार्म भरने गई थी कॉलेज
गोलपहाड़ी रेलवे कॉलोनी की रहने वाली 24 वर्षीय मामोनी मुखी 13 मार्च से गायब है। उसका भाई अजय मुखी उस दिन मामोनी मुखी को करनडीह स्थित एलबीएमएस कॉलेज में सुबह 10 बजे छोड़ने गया और उसे छोड़कर घर भी लौट आया। मामोनी बीए सेमेस्टर पार्ट-टू का फार्म भरने कॉलेज गई थी। उसके बाद से वह घर पर नहीं लौटी है। देर शाम तक मामोनी के घर नहीं लौटने पर घर वालों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था। परिवार के लोगों ने अपने रिश्तेदार और मामोनी के सहेलियों से भी पूछताछ की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।