logo

वैक्सीनेशन के दौरान टीकाकरण केंद्र में मचा बवाल, शख्स ने नर्स को पीटा

वैक्सीनेशन के दौरान टीकाकरण केंद्र में मचा बवाल, शख्स ने नर्स को पीटा

द फॉलोअप टीम, दुमका: 

दुमका ज़िले के जामा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सेजाकोड़ा में बुधवार को कोविड वैक्सिनेशन के दौरान एक मनचले ने स्वास्थ्य कर्मियों सहित नर्स के साथ गाली गलौज की और चप्पल सेपीट दिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने तुरंत इसकी शिकायत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामा के प्रभारी डॉ संचयन को किया। प्रभारी ने तुरंत इसकी सूचना जामा थाना को दी। 

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह बिना समय गंवाये मौके पर पहुंचे और स्थिति से अवगत हुए। अविलंब कार्यवाही करते हुए उक्त आरोपी सिकंदर महतो को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार एएनएम रीता सोरेन ने पुलिस को बताया कि आरोपी सिकंदर महतो शराब के नशे में आया और स्वास्थ्य कर्मियों से उलझ गया। गाली गलौच करने से मना करने पर चप्पल से मारपीट भी किया।

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
लोगों ने बताया कि उसने कर्मी सरजू राम बेदिया, वीएलई विकास मंडल, एएनएम शुकुरमुनि बास्की, कुमारी शुभ्रा के साथ भी हाथापाई और मारपीट किया। जामा थाना पुलिस एएनएम रीता सोरेन के बयान पर कांड संख्या 103/21 के तहत भादवि की धारा 341, 323, 353, 354 और 504 में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।