logo

पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर लूटेरों का आतंक, ट्रक चालक को लूटने का किया प्रयास

महबूब आलम, पलामू: 

पलामू में पांकी थानाक्षेत्र अंतर्गत बांदूबार में आलू लदे ट्रक को लूटने की कोशिश की गई। बाइक सवार अपराधियों ने ट्रक की पीछा किया और ट्रक चालक से रंगदारी मांगी। पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। चालक ने भागने की कोशिश की तो ट्रक का शीशा तोड़ दिया। 

ट्रक चालक ने मचाया शोर तो जुटे ग्रामीण
अपराधियों को भारी पड़ता देख ट्रक चालक ने शोर मचाया। शोर सुनकर काफी संख्या में वहां आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने दौड़ाकर कुछ अपराधियों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पांकी थाना प्रभारी पवन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और अपराधियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने बाकी फरार अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। छानबीन जारी है। 

ग्रामीणों ने अपराधियों को दौड़ाकर पकड़ा
पांकी पुलिस ने बताया कि कुल 8 की संख्या में अपराधी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे। इनमें से 6 को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया और बाकी 2 अपराधी फरार हैं। पुलिस ने अखिलेश कुमार, संदीप कुमार, सुनील कुमार, मंदीप कुमार, सरवन कुमार और सुनील कुमार को जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक इनमें से पांच लेस्लीगंज स्थित कुंदरी के रहने वाले हैं वहीं एक अपराधी नवादा थानाक्षेत्र अंतर्गत पाटन का रहने वाला है। 

पुलिस ने बरामद की है 2 मोटरसाइकिल
पुलिस ने अपराधियों के पास से 2 मोटरसाइकिल बरामद किया है। मिली जानकारी के मुताबिक ये गिरोह बीते कई दिनों से पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मोड़ पर लूट की घटना को अंजाम दे रहा था।