द फॉलोअप टीम
अब कोरोना मरीजों को इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों का मोहताज नहीं रहना पड़ेगा। सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए पैरवी लगाने की जरुरत नहीं पड़ेगी, बल्कि अपनी सुविधा के मुताबिक वो प्राइवेट अस्पतालों में भी कोरोना मरीजों को इलाज के लिए भर्ती करा सकते हैं। जी हां, झारखंड सरकार इसके लिए फूलप्रूफ तैयारी कर रही है। सरकार ने ये साफ कर दिया है कि जो भी निजी अस्पताल कोरोना मरीजों का इलाज करने में आनाकानी करेंगे उनका निबंधन तत्काल रद्द कर दिया जाएगा। जमशेदपुर में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को लेकर चिंतित स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ये बात कही है। वो अधिकारियों के साथ कोरानो के इस संकट में कैसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हो, इसे लेकर गहन चर्चा कर रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने की कोल्हान प्रमंडल की समीक्षा
दरअसल स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता गुरुवार को जमशेदपुर दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने कोल्हान प्रमंडल की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में कोरोना के बढ़ते संक्रमण और सरकारी अस्पतालों में बेड की कमी के मद्देनजर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जो निजी अस्पताल कोरोना के मरीजों का इलाज करने से इन्कार करेंगे, उनका निबंधन रद्द कर दिया जायेगा। जमशेदपुर के सर्किट हाउस में ये बैठक हुई, जिसमें जमशेदपुर के डीसी सूरज कुमार, एसएसपी एम तमिल वाणन और कोल्हान के तीनों जिलों के सिविल सर्जन मौजूद रहे। बैठक में कोरोना की रोकथाम को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिये गये।
सीएम हेमंत लेंगे लॉकडाउन पर फैसला
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करतेहुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जमशेदपुर में कोरोना मरीजों के लिए 3,000 बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा। इसके अलावा JRD अस्पताल में 700 बेड की व्यवस्था करने की बात भी उन्होंने कही। इसके अलावा बन्ना गुप्ता ने कहा कि मेडिका अस्पताल को कोविड-19 अस्पताल के रूप में तब्दील किया जाएगा। कोरोना के इस संकट में जी जान से जुटे स्वास्थ्य कर्मी, डॉक्टर, सफाईकर्मियों के लिए सरकार प्रोत्साहन राशि देने पर भी विचार कर रही है। लॉकडाउन के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसका निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लेंगे। उन्होंने कहा कि सभी जिलों के उपायुक्तों से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। आपको बता दें कि एक अगस्त से देश में अनलॉक-3 की शुरुआत रही है। हालांकि खबर है कि झारखंड में मौजूदा बंदिशों के साथ कुछ रियायत दी जा सकती है।