द फॉलोअप टीम, पटना
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। उनके साथ हर पल साए की तरह रहनेवाले सहयोगी संजय यादव कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस खबर के मिलने के फौरन बाद तेजस्वी यादव ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के साथ होने वाली मुलाकात सहित अपने कई कार्यकर्मों को अगले आदेश तक टाल दिया है। माना जा रहा है कि अगले एक दो दिनों में तेजस्वी यादव अपना भी कोरोना का टेस्ट कराएंगे। इसके बाद ही वो पार्टी की गतिविधि में शामिल होने के बारे में सोच सकते हैं।
दिल्ली में तेजस्वी के साथ रहे संजय यादव
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 21 अगस्त को एम्स में भर्ती रघुवंश सिंह को मनाने दिल्ली गए थे। तब भी उनके साथ संजय यादव थे। बताया जा रहा है कि दिल्ली पहुंचने के साथ संजय यादव की तबीयत नासाज होने लगी। कोरोना के लक्षण दिखने के बाद उन्होंने फौरन अपना सैंपल दिया, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि कोरोना के लक्षण दिखने के कारण वो 22 अगस्त को तेजस्वी यादव के साथ रघुवंश प्रसाद सिंह से मिलने एम्स नहीं गए थे।
पटना नहीं लौट सके संजय यादव
संजय यादव की दिल्ली में ही जांच हुई और वहीं उनकी रिपोर्ट वहीं पॉजिटिव आई है। इसलिए वो दिल्ली में ही रूक गए और तेजस्वी यादव अकेले ही पटना लौटे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने फिलहाल संजय यादव की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद खुद को सबसे अलग कर लिया है। यही वजह है कि गुरुवार को आवास पर आए कार्यकर्ताओ से भी उन्होंने मुलाकात नहीं की। आगे भी उनका कई चुनावी कार्यक्रम था, जो रद्द कर दिया गया है।