द फॉलोअप टीम, रांची :
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भीषण अग्निकांड हुआ। रेलवे बिल्डिंग में लगी भीषण आग की वजह से जानमाल का भारी नुकसान हुआ। घटना में रेलवे के कर्मचारी, अधिकारी सहित आरपीएफ जवान की मौत हो गयी। अग्निकांड का असर अलग-अलग रेल मंडलों पर भी पड़ा है। अग्निकांड की वजह से रांची रेल मंडल की ऑनलाइन सेवा प्रभावित हुई है। रिजर्वेशन काउंटर से टिकट की बुकिंग में परेशानी हुई।
ऑनलाइन हो सकती है टिकटों की बुकिंग
रांची रेल डिवीजन के सीपीआरओ नीरज कुमार ने घटना पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि रेलवे बिल्डिंग के साथ रांची रेल मंडल की भी कनेक्टिविटी है। कई सेवायें उसके साथ जुड़ी हैं। यही वजह है कि अग्निकांड के बाद परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि लोग अभी भी आईआरसीटीसी के जरिये ऑनलाइन टिकट की बुकिंग कर सकते हैं। सेवायें जल्दी ही दुरुस्त कर ली जायेंगी।