logo

लॉकडाउन में कोई भूखा नहीं रहेगा, हर गरीब को मिलेगा भोजन और राशन- डॉ. रामेश्वर उरांव

लॉकडाउन में कोई भूखा नहीं रहेगा, हर गरीब को मिलेगा भोजन और राशन- डॉ. रामेश्वर उरांव
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड के वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी लॉकडाउन में घर लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों को भोजन और अनाज दिया जाएगा। राज्य के प्रत्येक जरूरतमंद और गरीब नागरिकों को भोजन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा। 

दाल-भात केंद्र के जरिए मिलेगा भोजन
वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि पिछली बार लॉकडाउन में जैसी व्यवस्था की गयी थी। इस बार भी वैसी व्यवस्था करने की योजना है। मुख्यमंत्री दाल भात योजना, दीदी किचन और थानों में भोजन की व्यवस्था सहित अन्य माध्यमों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। विभाग के संयुक्त सचिव से इस बारे में बातचीत की गयी है। जल्द फैसला लिया जाएगा। 

प्रदेश में बढ़ेगी प्रवासी श्रमिकों की संख्या
वित्त मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की स्थिति की वजह से पूरे देश में आंशिक प्रतिबंधों में बढ़ोत्तरी हो सकती है। बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक घर लौटेंगे। उनके लिए भोजन और अनाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तमाम जरूरी तैयारियां करने का निर्देश दिया गया है। सभी जिलों को उपायुक्त को कहा गया है कि दाल-भात केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान का चयल करें ताकि अधिक संख्या में लोगों को भोजन उपलब्ध करवाया जा सके। इमरजेंसी प्लान भी तैयार किया जा रहा है। 

13 लाख परिवारों को मिला राशन कार्ड 
वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने बताया कि गठबंधन सरकार ने प्रदेश में पंद्रह लाख नए परिवारों को राशन कार्ड देने का लक्ष्य तय किया था। इनमें से 13 लाख परिवारों को राशन कार्ड दिया जा चुका है। बाकी परिवारों को भी जल्दी राशन कार्ड उपलब्ध करवा दिया जाएगा। हालांकि, कोरोना काल में उन लोगों को भी राशन दिया जाएगा जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। सभी को भोजन मिले ये सुनिश्चित होगा।