logo

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने लगाया सेल्फ लॉकडाउन, टूटेगा कोरोना संक्रमण का चैन!

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने लगाया सेल्फ लॉकडाउन, टूटेगा कोरोना संक्रमण का चैन!
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने राजधानी में सेल्फ लॉकडाउन का फैसला किया है। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने राज्य में 1 सप्ताह के सेल्फ लॉकडाउन का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक व्यवसायिक संगठन से जुड़े तमाम संस्थान 20 से 26 अप्रैल तक बंद रहेंगे। गौरतलब है कि बीते काफी समय से राज्य के व्यापारी सरकार से लॉकडाउन लगाने की मांग कर रहे थे। कुछ दिन पहले शास्त्री नगर मार्केट के दुकानदारों ने भी सेल्फ लॉकडाउन लगाने का फैसला किया था। 

शास्त्री मार्केट में लगा सेल्फ लॉकडाउन
वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने भी व्यवसायिक संगठनों के साथ मीटिंग में ये सुझाव दिया था कि दुकानदार अलग-अलग समय नियत कर सेल्फ लॉकडाउन लगाएं। रामेश्वर उरांव ने इसे आर्थिक की जगह सोशल लॉकडाउन का नाम दिया था। उन्होंने कहा था कि एक दिन कपड़े की दुकानें खोली जा सकती हैं जबकि दूसरे दिन हार्डवेयर की दुकानें। इसी प्रकार अन्य दुकानदार भी बारी-बारी से अपनी दुकानें खोल और बंद कर सकते हैं। रामेश्वर उरांव ने तीन-तीन दिन दुकानें खोलने का भी सुझाव दिया था। कई व्यवसायिक संगठनों ने इस पर सहमति व्यक्त की थी। 

राज्य में जोर पकड़ती लॉकडाउन की मांग
गौरतलब है कि राज्य में लॉकडाउन लगाने की मांग जोर पकड़ती जा रही है। रांची के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लंबी-चौड़ी चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में उन्होंने राज्य में 15 दिन का संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की मांग की है। बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी राज्य में न्यूनतम 1 सप्ताह का लॉकडाउन लगाने की मांग की है। महागामा से कांग्रेस पार्टी की विधायक दीपिका सिंह पांडेय ने भी वीडियो संदेश जारी कर राज्य में लॉकडाउन लगाने की मांग की है। सर्वदलीय बैठक में झामुमो ने भी पूर्ण लॉकडाउन की मांग की थी। 

राज्य में पहले लगाए गए हैं कड़े प्रतिबंध
राज्य की हेमंत सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच कुछ कड़े प्रतिबंध लगाए हैं। शादियों में केवल 50 लोगों को अनुमति मिलेगी। अंत्येष्टि क्रिया में केवल 20 लोगों को शामिल होने की इजाजत मिलेगी। जिम, पार्क और सिनेमा हॉल पहले ही बंद किया जा चुका है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों को 1 महीने के लिए बंद कर दिया है। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा सहित जेपीएससी की पीटी परीक्षा भी स्थगित की जा चुकी है।