द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र के पीयालसोना गांव से एक 16 वर्षीय किशोर के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। जानकारी के अनुसार, पीयालसोना गांव निवासी हसीना बीबी, पति स्वर्गीय ऐशक अंसारी का 16 वर्षीय पुत्र बीते शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से निकला था। इसके बाद वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की और रिश्तेदारों के यहां भी पूछताछ की, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।

अलग-अलग नंबरों से फिरौती की मांग
परिजनों का आरोप है कि किशोर के लापता होने के बाद से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन किया जा रहा है। फोन करने वाले लोग लगातार परिजनों से पैसों की मांग कर रहे हैं और इसे फिरौती के तौर पर बताया जा रहा है। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर कॉलर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। लगातार मिल रही इन धमकी भरी कॉल के कारण परिवार बेहद डरा हुआ है। लापता किशोर की उम्र 16 वर्ष है और उसका कद करीब 5.5 फीट बताया गया है। घर से निकलते समय उसने काले रंग का पजामा और सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, दोनों संदिग्ध नंबर सर्विलांस पर
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मिहिजाम थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने 30 अगस्त 2026 को कांड संख्या 61/2026 दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही फिरौती और धमकी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दोनों संदिग्ध मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगा दिया गया है। पुलिस टीम मामले से जुड़े हर संभावित पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही किशोर को सकुशल बरामद करने का दावा कर रही है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को दिए गए हुलिए के युवक के बारे में कोई जानकारी मिले या घटना से जुड़ी कोई भी सूचना प्राप्त हो, तो तुरंत मिहिजाम थाना पुलिस या अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।