logo

दोहरे शासन का शिकार है जमशेदपुर, मेरे सवालों का जवाब नहीं देती हेमंत सरकार: सरयू राय

दोहरे शासन का शिकार है जमशेदपुर, मेरे सवालों का जवाब नहीं देती हेमंत सरकार: सरयू राय

द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर: 

निर्दलीय विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय ने कहा कि झारखंड दोहरे शासन का शिकार है। उन्होंने कहा कि झारखंड में 23.5 जिलों में सरकार काम कर रही है और आधे जिले में दोहरा शासन चल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि राज्य सरकार का नियंत्रण आधे जिले में नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार विधानसभा के भीतर या बाहर जवाब नहीं दे पा रही है। 

बिष्टुपुर स्थित आवास पर की प्रेस वार्ता
शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित आवास पर आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में सरयू राय ने पिछले 2 साल में किए गये विकास कार्यों का ब्योरा सामने रखा। विधायक के मुताबिक बीते 2 वर्षों में उनकी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न् पूर्ण एव ं प्रस्तावित योजनाओं पर 30 करोड़ 38 लाख 28 हजार 332 रुपये खर्च किए गये हैं। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग द्वारा 1558.17 लाख रुपये मिले हैं, जिनसे पूर्वी जमशेदपुर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक वुया गुणवत्ता प्रबंधन का काम किया जाना है। 

विरासत में मिली है क्षेत्र की समस्यायें
सरयू राय ने कहा कि उन्हें विधानसभा क्षेत्र में कई समस्याएं विरासत में मिली हैं। वे जनहित में उसका समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं। सरयू राय ने कहा कि इन समस्याओं में बस्तियों का मालिकाना हक, म्युनिसिपालिटी, अनियमित एवं बेतरतीब शहरीकरण तथा बेहतर एवं वृहत्तर जमशेदपुर जैसे मसले हैं। उनके मुताबिक मालिका हक के बारे में उन्होंने पिछले कई वर्षों में मुख्यमंत्रियों, मुख्य सचिवों तथा राजस्व सचिवों के साथ कई बैठके की हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में फैसला हो गया था कि किसी बाशिंदे को अधिकतम 10 डिसमिल जमीन लीज पर दी जा सकती है। 

सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर के लिए ये अवधारणा अव्यवहारिक है। वो प्रयास कर रहे हैं कि जो परिवार जिसभूखंड पर काबिज है, सरकार उसे उचित शुल्क लेकर उसके नाम का बंदोबस्त करे।