logo

Indian Corona Update: बीते 24 घंटे में मिले 3,11,325 नए कोरोना मरीज, झारखंड में नए मामलों में अप्रत्याशित गिरावट

8335news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की रफ्तार थोड़ी कम हुई है। बीते पांच दिनों से मरीजों का जो आंकड़ा 4 लाख के पार जा रहा था उसमें कमी आई है। बीते 24 घंटे में भारत में 3 लाख 11 हजार 325 मामले सामने आए हैं। यही नहीं, मृतकों की संख्या में भी कमी दर्ज की गयी है। मृतकों की संख्य़ा भी साढ़े तीन हजार के करीब है। राज्यों द्वारा संक्रमण चेन तोड़ने के लिए लगाई गयी पाबंदियों का असर दिखने लगा है। 

अप्रत्याशित ढंग से घटे नये कोरोना मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ो के मुताबिक बीते 24 घंटे में भारत में 3 लाख 35 हजार 645 मरीज ठीक हो चुके हैं। जानकारी के मुताबिक देश में अधिकांश मामले 10 राज्यों से सामने आये हैं। महाराष्ट्र, यूपी, गुजरात, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश,पश्चिम बंगाल, राजस्थान और दिल्ली से कुल मामलों का 74 फीसदी केस मिला है। हालांकि इन राज्यों में भी सुधार दिखा है। 

झारखंड में मौत की संख्या में आई गिरावट
झारखंड में संक्रमण की नई दर और मौत की संख्या में रिकॉर्ड कमी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक झारखंड में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या में 31.2 फीसदी की कमी आई है। दो दिन पहले झारखंड में 141 मरीजों की मौत हो गयी थी वहीं बीते 24 घंटे में 97 लोगों की मौत हो गयी। जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में भारत में 4 हजार 169 लोगों के संक्रमित होने की सूचना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से भी इसकी जानकारी दी।

भारत में टीकाकरण का तीसरा फेज जारी
भारत में अब तक 17 करोड़ 25 लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया जा चुका है। वैक्सीनेशन का तीसरा चरण जारी है। झारखंड में वैक्सीनेशन का तीसरा चरण 14 मई से शुरू किया जायेगा। इस चरण में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों का वैक्सीनेशन होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एलान किया है कि सभी नागरिकों का मुफ्त में टीकाकरण किया जायेगा।