logo

Corona Update: बीते 24 घंटे में 72,330 नये कोरोना मरीज मिले, 459 कोरोना संक्रमितों ने तोड़ा दम

7022news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच 45 साल से अधिक आयु के प्रत्येक नागरिक के लिये अनिवार्य कोविड टीकाकरण की शुरुआत 1 अप्रैल से हो गयी। दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक सहित देश के अलग-अलग राज्यों में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कैंप लगाकर 45 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों को कोविड का टीका लगाया जा रहा है। दिल्ली के लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में कोविड का टीका लगवाने के लिये लोगों की काफी भीड़ दिखी। महाराष्ट्र के भी एक अस्पताल में लोग टीका लगवाने पहुंचे। 

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने लगवाया टीका
इस बीच केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी कोविड टीका का पहला डोज लगवाया। पीयूष गोयल ने दिल्ली के एम्स में कोविड वैक्सीन का पहला डोज लगवाया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, मुख्तार अब्बास नकवी, जितेंद्र सिंह, रविशंकर प्रसाद सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी कोविड का टीका लगवाया है। 

6 करोड़ से ज्यादा वैक्सीनेशन
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक साढ़े 6 करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। देश में लोगों को भारत बायोटेक का कोवैक्सीन और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया का कोविशील्ड का टीका लगाया जा रहा है। एक नागरिक को एक ही टीके का दो डोज दिया जाना है। 45 साल से अधिक आयु वाले नागरिकों से कहा गया है कि वे अनिवार्य रूप से कोविड का टीका लगवायें। लोग केंद्रों में पहुंचने भी लगे हैं। 

इन राज्यों में सर्वाधिक संक्रमित मरीज
इस बीच देश में कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में राजधानी दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात और आंध्र प्रदेश है। बिहार, झारखंड और ओड़िशा जैसे राज्यों में भी बीते कुछ दिनों में कोरोना के मामले काफी तेजी से बढ़े हैं। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 72 हजार नये मामले सामने आये। इस दौरान 459 लोगों की मौत भी हो गयी। एक्टिव मरीजों की संख्या 5 लाख 84 हजार 55 है।