द फॉलोअप टीम,रांची:
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार का दिन भी हंगामेदार रहा। बीजेपी विधायक कई बार वेल में आये और हंगामा किया। बीजेपी विधायकों के हंगामे और आरोपों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग केवल सरकार बनाने और चुनाव लड़ने में व्यस्त रहते हैं। हेमंत सोरेन ने कहा कि बीजेपी की वजह से पूरा देश परेशान है।
बीजेपी 24 घंटे चुनाव मोड में रहती है!
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग पूरे साल चुनाव लड़ने और सरकार बनाने में ही व्यस्त रहते हैं। ये लोग 24 घंटे इसी काम में लगे रहते हैं। सीएम ने जैसे ही ये बयान दिया भारतीय जनता पार्टी के विधायक दोबारा सदन में हंगामा करने लगे। बीजेपी विधायक और पूर्व नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने सीएम के इस बयान का विरोध किया। उन्होंने इसकी निंदा की।
सीपी सिंह ने सीएम के बयान का विरोध किया
रांची से बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने अपनी सीट पर खड़े होकर सीएम हेमंत सोरेन के इस बयान का विरोध किया। सीपी सिंह ने कहा कि इस तरीके का बयान सही नहीं है। सीपी सिंह के विरोध करने पर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने उनसे कहा कि आप भी रणधीर सिंह से कम नहीं हैं। बता दें कि रणधीर सिंह भी भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। सीएम ने इस बीच बीजेपी विधायकों पर सहयोग ना करने का भी आरोप लगाया।
बीजेपी के विधायक सीएम को बोलने नहीं देते!
मुख्यमंत्री ने बीजेपी विधायकों के सवालों और आरोपों पर पलटवार करते हुये कहा कि आप लोग सवाल पूछते हैं। जवाब मांगते हैं। सत्तापक्ष जब जवाब देना चाहता है तो आप हंगामा करने लगते हैं। ना तो मुझे और ना ही मेरे सरकार के मंत्रियों को बोलने देते हैं। बीजेपी विधायक दरअसल, बालू घाट के मसले पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख की जगह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जवाब मांग रहे थे।