logo

गढ़वा: मुखिया सुनीता देवी ने करवाया अनाथ लड़की का ब्याह, खुद किया कन्यादान

9221news.jpg
द फॉलोअप टीम, गढ़वा: 

गढ़वा जिला अंतर्गत मझिगांव पंचायत की मुखिया सुनीता देवी ने नेक काम किया है। मुखिया सुनीता देवी ने एक अनाथ लड़की की शादी करवाई। उन्होंने अपने पति अरविंद पासवान के साथ मिलकर बकायदा धूमधाम से बारात का स्वागत किया। दंपत्ति ने अनाथ लड़की को शादी में उपहार भी दिया। मुखिया सुनीता देवी और उनके पति अरविंद पासवान ने उस लड़की का कन्यादान भी किया। 

प्रभा के माता-पिता की मौत हो चुकी थी
मिली जानकारी के मुताबिक मझिगांव पंचायत के मझिगांव गांव निवासी गनोरी चेरो की कुछ वर्ष पहले टीबी से मौत हो गई। 2 वर्ष पहले उसकी पत्नी भी किसी बीमारी से चल बसी। परिवार में केवल 3 नाबालिग बेटे और दो लड़कियां रह गई थी। बड़ी लड़की की शादी तो गनोरी ने अपनी मौत से पहले करवा दी थी लेकिन छोटी बेटी प्रभा की शादी नहीं हो पाई थी। माता-पिता की मौत के बाद प्रभा पर घर की तमाम जिम्मेदारियां आ गई थीं। इस बीच उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। 

प्रभा किसी तरह से गुजारा चलाती थी
प्रभा मेहनत-मजदूरी कर अपने तीनों भाइयों का पालन-पोषण कर रही थी। इस बीच मुखिया सुनीता देवी और उनके पति अरविंद पासवान ने तय किया कि वे अपने निजी खर्च से प्रभा की शादी करवाएंगे। दंपत्ति ने मिलकर प्रभा के लिए लड़का ढूंढ़ा और पूरे धूमधाम से उनकी शादी करवाई। शादी में तमाम मेहमानों और रिश्तेदारों को भी बुलाया गया था। मुखिया दंपत्ति ने नव-विवाहित जोड़े को उपहार भी दिया। लोगों ने इस कार्य के लिए मुखिया सुनीता देवी की भूरी-भूरी प्रशंसा की। 

मुखिया सुनीता देवी ने करवा दिया ब्याह
मुखिया सुनीता देवी ने कहा कि लड़की के माता-पिता नहीं हैं। गांव की मुखिया होने के नाते मैं ही प्रभा की अभिभावक हूं। मेरी जिम्मेदारी थी कि मैं प्रभा को उसका घर बसाने में सहायता करूं। प्रभा शादी के योग्य हो गई थी। उसके रिश्तेदार भी उसका विवाह करा पाने में असमर्थ थे। मैंने इस परिस्थिति में निजी खर्चे से प्रभा की शादी करवाने का फैसला किया। इस कार्य में मेरे पति अरविंद पासवान ने मेरा पूरा सहयोग किया। मैंने अपने पति के साथ मिलकर प्रभा का कन्यादान किया।