logo

India Corona Update: भारत में 24 घंटे में मिले सर्वाधिक 2,61,500 मरीज, 1 हजार 501 लोगों की मौत

7497news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारत में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बेकाबू हो चुकी है। नए मरीजों का आंकड़ा रोज नया रिकॉर्ड बना रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में भारत में 2 लाख 61 हजार 500 नये मरीज मिले हैं। इस बीच 1 हजार 501 मरीजों की मौत हो गयी। भारत में एक्टिव मरीजों की संख्या 18 लाख को पार कर चुकी है। पीएम मोदी कोरोना की रोकथाम और स्थिति की समीक्षा के लिए अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। 

भारत में 18 लाख से ज्यादा एक्टिव मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आकंड़ों के मुताबिक भारत में अब तक कोरोना से 1 करोड़ 47 लाख 88 हजार 109 लोग संक्रमित हो चुके हैं। अब तक 1 लाख 77 हजार 150 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे में 24 हजार 375 नये कोरोना मरीज मिले हैं। यहां 167 लोगों की मौत हो गयी। मध्य प्रदेश में 11 हजार 269 कोरोना मरीज मिले और 66 मरीजों की मौत हो गयी। यूपी में इस बीच 27 हजार 357 नये मरीज मिले और 120 लोगों की मौत हो गयी। बचाव के उपाय जारी हैं। 

महाराष्ट्र में 1 दिन में मिले सर्वाधिक मरीज
महाराष्ट्र में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा सामने आया है। यहां एक दिन में 67 हजार 123 लोग पॉजिटिव पाये गये। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 419 लोगों की मौत हो गयी। पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में 7 हजार 713 मरीज मिले। बंगाल में बाहर से आने वाले लोगों के लिये आरटी-पीसीआर रिपोर्ट दिखाना जरूरी है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में शामिल हैं। 

पीएम मोदी की अधिकारियों के संग बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में कोरोना की रोकथाम और वर्तमान स्थिति की समीक्षा के लिये वरीय अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। इसमें राज्यों के मुख्य सचिवों को भी बुलाया गया है। मीटिंग वर्चुअल माध्यम से होगी। मीटिंग में वैक्सीनेशन की रफ्तार, वेंटीलेटर, दवाईयां, पीपीई किट वगैरह की उपलब्धता, कोरोना से मृत्यु और रिकवरी दर तथा इसकी रोकथाम के उपायों पर चर्चा की जायेगी।