logo

झारखंड: 3 जून तक बढ़ा लॉकडाउन, आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने की घोषणा

झारखंड: 3 जून तक बढ़ा लॉकडाउन, आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने की घोषणा
द फॉलोअप टीम, रांची: 

राज्य में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह तीन जून की सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान पहले से लागू सभी प्रतिबंध जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आज आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में 27 मई की सुबह छह बजे समाप्त हो रहे स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की अवधि को एक सप्ताह बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में चक्रवातीय तूफान यास के झारखंड में पड़ने वाले संभावित असर और उससे निपटने को तैयारियों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। 

एक तिहाई कर्मचारियों के साथ खुलेगा सचिवालय 
आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में सचिवालय को दोपहर दो बजे तक खोलने का निर्णय़ लिया गया। इस दौरान संयुक्त सचिव से ऊपर स्तर के सभी पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से सचिवालय आना होगा, वहीं 33 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ सचिवालय के विभिन्न विभाग कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त ई-पास की अनिवार्यता जारी रहेगी, लेकिन, सरकारी कर्मियों, मीडियाकर्मियों तथा बड़ी कंपनियों अथवा फैक्ट्रियों में काम करने वालों का ड्यूटी पास मान्य होगा। इन्हें ई-पास की अनिवार्यता से छूट दी गई है।

झारखंड में 22 अप्रैल को लगा था पहला लॉकडाउन
झारखंड में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच 22 अप्रैल को पहली बार स्वास्थ्य सुऱक्षा सप्ताह के तहत लॉकडाउन लगाया था। 29 अप्रैल को इसकी मियाद खत्म हुई। इसको फिर 9 मई तक के लिए बढ़ाया गया। बाद में इसे 13 और फिर 27 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया। सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्रियों और पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की थी। उस मीटिंग में भी सभी मंत्रियों ने एकमत से कहा था कि लॉकडाउन को और 1 सप्ताह के लिए बढ़ाया जाना चाहिए। 

जरूरी सेवाओं को छोड़ बाकी सभी संस्थान-प्रतिष्ठान बंद
स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत लगाए गए लॉकडाउन में जरूरी सेवा को छोड़कर बाकी सभी संस्थान और प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्देश है। दुकानें खोलने का समय भी तय किया गया है। लोगों के बाहर निकलने पर पाबंदी लगाई गई है। जरूरी काम से बाहर जाने पर ई-पास लेना होगा। ई-पास व्यवस्था 3 घंटे के लिए मान्य होती है। अंतर्जिला बस सेवा पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। घर से बाहर निकलने पर अनिवार्य रूप से मास्क लगाना होगा। बगैर मास्क पकड़े जाने पर जुर्माना देना होगा। शादियों में केवल 11 लोगों को शामिल होने की इजाजत है। सार्वजनिक स्थान पर इकट्ठा होने की मनाही है। लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की गई है।