logo

झारखंड में 1 मई से फ्री वैक्सीनेशन, 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को लगेगा टीका

झारखंड में 1 मई से फ्री वैक्सीनेशन, 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को लगेगा टीका
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में 1 मई से फ्री वैक्सीनेशन की शुरुआत होगी। 18 साल से अधिक आयु के सभी नागरिकों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसका एलान किया है। सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों के साथ मीटिंग की। मीटिंग में फ्री वैक्सीनेशन अभियान पर चर्चा की गयी। अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया है। वैक्सीन निर्माता कंपनियों से वार्ता की जाएगी। 

अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने का निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा है कि वे वैक्सीन निर्माता कंपनियों से बातचीत करें। वार्ता के आधार पर खरीददारी में खर्च होने वाली रकम का आकलन करें और प्रस्ताव बनाकर सरकार को दें। 1 मई से 18 साल से अधिक आयु वाले सभी नागरिकों को टीका लगाया जाएगा। बता दें कि झारखंड देश का छठा राज्य बन गया जहां नागरिकों को फ्री वैक्सीनेशन का एलान किया गया। यहां से पहले यूपी, एमपी, बिहार और छत्तीसगढ़ में फ्री वैक्सीनेशन का एलान किया गया। 

इस तरह नागरिकों को लगेगा कोरोना वैक्सीन
गौरतलब है कि झारखंड की कुल आबादी 3 करोड़ 70 लाख है। राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की संख्या 2 करोड़ 22 लाख है। राज्य में 45 साल से ज्यादा आयु के 29 लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है। 1 करोड़ 93 लाख लोगों को वैक्सीन लगाया जाना जरूरी है। जानकारी के मुताबिक राज्य के सभी नागरिको को टीका लगाने के लिए वैक्सीन के 3 करोड़ 86 लाख डोज की जरूरत है। 

राज्य में तेजी से फैल रहा कोरोना संक्रमण
झारखंड में कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। राज्य में बीते 24 घंटे में 7 हजार 595 मरीज मिले। इस बीच 106 मरीजों की मौत हो गयी। राजधानी रांची में रिकॉर्ड 1 हजार 467 मरीज मिले। यहां 53 मरीजों की मौत हो गयी। एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 41 हजार तक पहुंच गयी है।