logo

65 हजार देकर कराई थी मूक-बधिर लड़के की शादी, 4 दिन बाद ही पैसे लेकर चंपत हुई दुल्हन

11493news.jpg

द फॉलोअप टीम, करनाल:

एक लड़का है जो जन्म से ही मूकबधिर है। माता-पिता को उसकी शादी की चिंता थी।  जगह-जगह बेटे की शादी की बात चलाई। एक जगह लड़की मिल गयी। अगुआ ने कहा कि लड़की गरीब है इसलिए उसे कुछ रूपये देने होंगे ताकि वह शादी के लिए कपड़े वगैरह खरीद सके। अब मरता क्या ना करता, मूक बधिर बेटे की शादी हो रही थी यही कम था क्या। 

रुपये लेकर चंपत हो गई दुल्हन
माता पिता ने 65 हजार रूपये दे दिए। शादी हो भी गयी। अब नयी नवेली दुल्हन गहने और रूपये  लेकर फरार है।  यह घटना है हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा कस्बे​​की  जहां में 4 दिन की लुटेरी दुल्हन का किस्सा सामने आया है। दुल्हन के फरार होने के बाद बिचौलिए ने भी फोन नहीं उठाया। परिजन ने बिचौलिए को 1 लाख रुपए का लालच देकर बुलाया और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया है। 

समझिए कि पूरा माजरा क्या है
सुरजन सिंह के दो बेटे हैं। संपत जो की छोटा है वह जन्म से ही मूकबधिर है। उसकी शादी करवाने के लिए मीना सिंह नामक महिला से बात की।  मीना ने सजंय नगर की रहने वाली बलवंत कौर से मिलवाया। बलवंत कौर ने कहा कि लड़की गरीब घर से है इसलिए 65 हजार रुपए मांगे। सुरजन ने उसे नगद रुपए दे दिए। 26 तारीख को रिंकी नाम की दुल्हन से संपत की शादी हुई।  3-4 दिन के बाद लड़की दिल्ली स्थित अपने घर जाने की बात कहने लगी। बलवंत कौर उसे लेकर दिल्ली चली गई। रिंकी के जाने के बाद कमरा चेक किया तो 25 हजार रुपए और 4 तोला सोना गायब था। 

ठगने का काम करती है युवती
बलवंत कौर को कई बार फोन किया गया लेकिन उसने बात नहीं की। मीना के जरिये बलवंत कौर को एक लाख रुपए का लालच दिया। मीना के घर बुलाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जांच में सामने आया है कि बलंवत कौर इसी तरह से लोगों को ठगती है। हेड कांस्टेबल बहादुर सिंह ने केस दर्ज कर लिया है।  महिला से पूछताछ की जा रही है। आरोपी दुल्हन को भी जल्दी पकड़ लिया जाएगा।