द फॉलोअप टीम, पटना
कोरोना काल में रोजी-रोटी की मार झेल रहे बिहार के मजदूर दूसरे प्रदेश जाने को विवश हैं। लेकिन बेहतर जिंदगी की चाह में अपनी जानें भी गवां रहे हैं। कोरोना काल में अबतक बिहार लौटने के दौरान सड़क हादसे में 50 से अधिक मजदूरों की मौत हो चुकी है।
कोरोना संकट में भी पलायन की मजबूरी
कोरोना संकट में भी बिहार से मजदूरों का पलायन जारी है। बिहार में मजदूरों के लिए रोजगार नहीं है। कोरोना काल में लोग जान जोखिम में डाल कर कमाने के लिए बाहर जा रहे हैं। पापी पेट के चलते बिहार के श्रमिक कोरोना संकट के बावजूद दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा और दूसरे शहर जाने के लिए मजबूर हैं।
नीतीश ने दिखाया था रोजगार का सपना
लॉकडाउन के समय नीतीश सरकार ने कहा था कि बिहार में ही मजदूरों के लिए रोजगार की मुकम्मल व्यवस्था की जाएगी। लेकिन लोगों को पता था कि ये नीतीश के चुनावी चोंचले हैं। इसलिए लोग अनलॉक शुरू होने से पहले ही बिहार से दूसरे प्रदेश का रुख करने लगे थे। लेकिन, कमाने के बाद लौट रहे कई मजदूरों को पता भी नहीं था बिहार में उनकी आखिरी रात होगी। अगले दिन का उजाला उनके लिए काल बनकर आएगा। बिहार से वापस लौटने के दौरान अब तक सड़क हादसे में 20 से ज्यादा लोगों की जानें जा चुकी हैं। लॉकडाउन और अनलॉक में घर लौटने के दौरान भी अब तक 30 से ज्यादा लोग काल के गाल में समा चुके हैं। कुल मिलाकर 50 से ज्यादा लोगों की मौत सिर्फ सड़क हादसे में हुई है।
आइये जानते हैं हादसे में कैसे-कैसे हुई मौतें
14 मई-गोपालगंज लौटने के दौरान 6 की गई जान
लॉकडाउन में रोजगार जाने और खाना खत्म होने के बाद 10 लोग पंजाब से बिहार के गोपालगंज लौट रहे थे। मुजफ्फरनगर में बस ने सभी को कुचल दिया। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
16 मई-हादसे में दंपती की गई जान
16 मई को दिल्ली से बिहार लौट रहे पति-पत्नी की आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हादसे में मौत हो गई थी। उन्नाव में तेज रफ्तार पिकअप वैन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी थी।
22 मई-मुंबई से लौट रहे तीन मजदूरों को डंपर ने कुचला
22 मई को मुंबई से बिहार लौट रहे तीन मजदूरों को डंपर ने कुचल दिया था। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। तीनों मजदूर गोपालगंज के रहनेवाले थे।
5 जून-राजस्थान से भोजपुर लौट रहे 9 लोगों की मौत
5 जून को राजस्थान से बिहार के भोजपुर लौट रहे 9 लोगों की उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में मौत हो गई थी। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी जिसमें आठ की मौके पर ही मौत हो गई थी और एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
19 जुलाई- दिल्ली जा रहे सुपौल के 6 मजदूरों की मौत
19 जुलाई की शाम सुपौल और मधुबनी के 40 से अधिक मजदूर कमाने के लिए दिल्ली जा रहे थे। कन्नौज में आगरा एक्सप्रेस वे पर डबल डेकर बस पलटने से सुपौल और मधुबनी के 6 मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में 33 लोग घायल हो गए थे।
13 अगस्त- कटिहार के चार मजदूरों की मौत
कटिहार के 65 लोग एक बस से कमाने के लिए दिल्ली जा रहे थे। मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस वे पास तेज रफ्तार टैंकर ने बस में टक्कर मार दी थी। हादसे में कटिहार के चार मजदूरों की जान चली गई थी। इस हादसे में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पता नहीं मौत का सिलसिला कहां जाकर रुकेगा। और फिर 31 अगस्त को उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार के सीवान जिले के चार लोगों की मौत हो गई। सभी लोग कमाने के लिए अंबाला जा रहे थे।