logo

भारत बायोटेक ने घटाई कोवैक्सीन की कीमत, अब राज्यों को इतने का मिलेगा एक डोज

7920news.jpg
द फॉलोअप टीम, हैदराबाद: 
वैक्सीन निर्माता कंपनी भारत बायोटेक ने कोवैक्सीन की कीमतों में कटौती का एलान किया है। कंपनी राज्यों को कोवैक्सीन 300 रुपये प्रति डोज के हिसाब से देगी। कोवैक्सीन की कीमत पहले राज्यों के लिए 400 रुपये प्रति डोज थी।  कोवैक्सीन की कीमत पहले राज्यों के लिए 400 रुपये तो वहीं निजी अस्पतालों के लिए 1200 रुपये प्रति डोज रखी गयी थी। अब कीमत कम की गयी है। 

सीरम इंस्टीट्यूट ने भी घटाई थी कीमत
इससे पहले सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने वैक्सीन के दामों में कटौती करते हुए 300 रुपये प्रति डोज देने की घोषणा की थी। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा था कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की तरफ से राज्य को दी जाने वाली वैक्सीन की कीमत 400 रुपये से घटाकर 300 रुपये की जाती है। ये तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इससे राज्यों को हजारों करोड़ रुपये की बचत होगी। इससे ज्यादा वैक्सीनेशन हो पायेगा और अनगिनत जिंदगियां बचाई जा सकेगी। 

कोवैक्सीन काफी कारगर साबित हुआ
इस बीच महामारी विशेषज्ञ और अमेरिका के चीफ हेल्थ एडवाइजर एंथोनी फाउची ने कहा कि कोवैक्सीन काफी कारगर वैक्सीन है। फाउची ने कहा कि कोवैक्सीन वायरस के 917 वैरिएंट्स को बेअसर कर रही है। उन्होंने कहा कि हम अभी रोज डाटा जुटा रहे हैं। हाल ही में एक डाटा कोविड 19 का कॉन्वालैसेंट सेरा और भारत में उन लोगों के बारे में जानकारी जुटा रहा था जिन्होंने कोवैक्सीन का टीका लिया है। रिसर्च में ये पाया गया कि वैक्सीन वायरस के 617 वैरिएंट्स को खत्म कर रही है। 

भारत में दो वैक्सीन को मिली है मंजूरी
बता दें कि भारत में कोरोना वैक्सीनेशन के तीसरे चरण की शुरुआत 1 मई से होगी। तीसरे चरण में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। भारत में वैक्सीनेशन की शुरुआत 16 जनवरी से की गयी थी। 1 अप्रैल से वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू किया गया था। भारत में कोवैक्सीन और कोविशील्ड नाम की दो वैक्सीन को आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिली है।