logo

शरण लेने पहुंची महिला से थाने में रेप, पीड़िता ने आरोपी की अंगुली काटकर बचाई जान; 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

शरण लेने पहुंची महिला से थाने में रेप, पीड़िता ने आरोपी की अंगुली काटकर बचाई जान; 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

द फॉलोअप डेस्क:

झारखंड (Jharkhand) के सरायकेला-खरसावां (Seraikela Kharsawan) जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पति से विवाद के बाद पुलिस से मदद मांगने पहुंची महिला के साथ थाने में तैनात एक कांस्टेबल (Constable) ने दुष्कर्म किया। मामले में आरोपी कांस्टेबल नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह घटना 29 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

पति से विवाद के बाद पहुंची थी थाना

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम महिला का अपने पति के साथ विवाद हुआ था। महिला को आशंका थी कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर सकता है। इसी डर से वह घर छोड़कर पड़ोसी के यहां चली गई और अपने मोबाइल फोन से पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और महिला को गम्हरिया थाने ले आई। महिला के आरोप के मुताबिक, थाने में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे आराम करने के लिए एक कमरा दिया था। इसी दौरान थाने में वायरलेस ऑपरेटर के पद पर तैनात कांस्टेबल नीरज लकड़ा ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों को भी जब्त किया गया है। उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए रांची स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

SP के निर्देश पर जांच, भाजपा ने उठाए सवाल

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। एसडीपीओ की रिपोर्ट के बाद आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया। अनुभव भारद्वाज ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड में पुलिस प्रशासन में जवाबदेही की कमी के कारण ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग में कथित पैसों के लेन-देन और सत्ता के संरक्षण में बालू, लौह अयस्क तथा कोयले के अवैध कारोबार के आरोप भी लगाए। भाजपा ने दावा किया कि इन गतिविधियों से राज्य की सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राजद गठबंधन के प्रति जनता का भरोसा कमजोर हुआ है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच तथा कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Tags - Gamharia Police Station Case Jharkhand Police Constable Arrested Seraikela Kharsawan News Gamharia Rape Case