द फॉलोअप टीम, बेलगावी:
कर्नाटक में कोरोना लॉकडाउन और गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। एक अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए सैकड़ों की भीड़ ने सरकार और प्रशासन द्वारा निर्देशित कोरोना गाइडलाइन को ताक पर रख दिया। अंत्येष्टि भी किसकी, एक घोड़े की। घोड़े की अंतिम यात्रा में शामिल उन सैकड़ों लोगों में से अधिकांश ने मास्क नहीं पहन रखा था। भीड़ थी तो सोशल डिस्टेंसिंग काफी दूर की कौड़ी है। इन लोगों ने ना केवल अपनी बल्कि अपने परिवारों की जिंदगी भी खतरे में डाल दी है।
घोड़े की अंतिम यात्रा में जुटे सैकड़ों लोग
ये पूरा मामला है कर्नाकट के बेलगावी स्थित मराडीमठ इलाके का। यहां एक रसूखदार व्यक्ति के घोड़े की अंतिम यात्रा निकाली गई। ये शव यात्रा काफी भव्य थी। घोड़े के पार्थिव शरीर को बकायदा बारी-बारी से लोगों के कंधा दिया। घोड़े के पार्थिव शरीर पर फूल-मालाएं बिखरी थी। सैकड़ों की भीड़ इस अंतिम यात्रा में नारा लगाते हुए जा रही थी। कई लोग रोते भी नजर आए। जिस भी गली से ये शव यात्रा गुजरी लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। कोई अपनी छतों पर चढ़ गया।
कर्नाटक में 25 हजार से ज्यादा लोगों की मौत
सवाल है कि इस आयोजन की अनुमति किसने दी। यदि बिना अनुमति के इतनी बड़ी भीड़ के साथ घोड़े की शवयात्रा निकाली गई तो इसकी जवाबदेही कौन लेगा। बता दें कि कर्नाटक में अब तक 24 लाख 24 हजार 904 बच्चे कोरोना संक्रमित हो चुके है। 4 लाख 72 हजार 986 एक्टिव कोरोना संक्रमित हैं। 19 लाख 26 हजार 615 लोग रिकवर हो चुके हैं। 25 हजार 282 लोगों की मौत हो चुकी है।