logo

कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या से स्थिति बेकाबू, कमजोर स्वास्थ्य तंत्र कैसे करेगा काबू ?

कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या से स्थिति बेकाबू, कमजोर स्वास्थ्य तंत्र कैसे करेगा काबू ?
द फॉलोअप टीम,  रांची: कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या ने सरकार और लोगों के होश उड़ा दिए हैं। राज्य के कई जिला प्रशासन स्थिति को संभालने में खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। हालात ये है कि मामूली लोगों से लेकर मंत्री तक कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। राज्य में अबतक कोरोना के कुल 1771 एक्टिव केस पाये गए हैं। झारखंड में कोरोना संक्रमितों की वृद्धि दर देश के मुकाबले 1.38 प्रतिशत ज्यादा हो गयी है। झारखंड में अभी 4.74 प्रतिशत वृद्धि दर है। 

एडमिट के लिए पैरवी
राज्य के कई कोविड अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीजों को एडमिट करने के लिए बेड कम पड़ रहे हैं। लोगों को बेड के लिए पैरवी करनी पड़ रही है। अगर संक्रमित मरीज एडमिट हो भी जाए तो उसे बेड के लिए सिफारिश करनी पड़ रही है। यही नहीं कोविड अस्पतालों में अब कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में भी कमी आयी है। कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में 2 से 3 दिन का समय लग रहा है। 

मरीजों के लिए बेड कम पड़ जायेंगे
अगर यही हालात रहे तो कोविड-19 अस्पतालों में कुछ दिनों में गंभीर कोरोना मरीज बेड के लिए मोहताज हो जाएंगे। ऐसे में कम गंभीरवाले कोरोना मरीजों के लिए बनाए गए कोविड केयर सेंटर्स में गंभीर मरीजों को रखा जाएगा। कोविड अस्पतालों में करीब 1900 बेड हैं,  जिनमें से 400 बेड सिर्फ आईसीयू में हैं। कोविड हेल्थ सेंटर में 2148 बेड और कोविड केयर सेंटर में 4057 बेड बनाए गए हैं। हालात को देखते हुए रांची में 2 और 12 अन्य जिलों में 17 अस्पतालों को कोरोना अस्पताल में बदल दिया गया है। 

कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में लापरवाही
झारखंड की राजधानी में कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग सुविधा नहीं है। ऐसे क्षेत्रों से कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई है। सूबे के स्वास्थ्य विभाग ने रांची के उपायुक्त को पत्र लिखकर मामले का जिक्र किया था। इन क्षेत्रों में थड़पखना, एचबी रोड, अंतू चौक मोरहाबादी, सेक्टर 2 धुर्वा, बरियातू, कांटा टोली, कर्बला चौक आदि क्षेत्र शामिल हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों की जांच करने के लिए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में तो कमी आई ही है। वहीं जहां कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग हो भी रही है। ऐसी स्थिति में कोरोना संक्रमितों के मरीजों की संख्या बढ़ना तय है। झारखंड में मार्च से लेकर जून महीने तक कोरोना मरीजों संख्या में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखे गए, लेकिन जुलाई के प्रथम हफ्ते में कोरोना ब्लास्ट से सरकार सकते में है। वहीं सूबे का स्वास्थ्य तंत्र बहुत मजबूत नहीं है। राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के भरोसे लगभग चार माह तक कोरोना के मरीजों का समुचित इलाज हुआ, लेकिन अब वहां भी स्थिति बेकाबू होती जा रही है। यह राज्य के लिए शुभ संकेत नहीं है।