logo

गीता कोड़ा ने हेमंत सोरेन से पुछा, 5 वर्षों में कितने बलात्कारियों को हुई सजा

geeta5.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन बताएं कि 5 वर्षों में राज्य में कितने बलात्कारियों को सजा हुई। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में राज्य की बहन बेटियों पर लगातार खतरे बढ़ रहे हैं। बेटियां आज असुरक्षित हैं और अपराधी बेलगाम हैं। पिछले 5 वर्षों में राज्य में 7000 से अधिक दुष्कर्म और बलात्कार की घटनाएं राज्य सरकार के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। जिसमे अधिकांश घटनाएं आदिवासी दलित समाज की बहन बेटियों के साथ घटी है। 

5 वर्षों में महिला अपराध सबसे अधिक 
गीता कोड़ा ने कुछ सालों महिला अपराधों से जुड़ी कई घटनाओं को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि चाहे रूपा तिर्की की संदेहास्पद हत्या हो, या रुबिका पहाड़िया को 52 टुकड़ों में काट कर फेंकना। अपने घर में सोई अंकिता पर पेट्रोल डाल कर उसे जलाकर मारना, और दरोगा संध्या टोपनो को गो तस्करों के द्वारा ट्रक से कुचलकर मार देना। ऐसे हजारों जघन्य अपराध पिछले 5 वर्षों में राज्य की महिलाओं की स्थिति को बताते हैं।

अपराध का तुष्टिकरण कर रही हेमंत की सरकार 
गीता कोड़ा ने कहा कि सबसे बड़ी दुर्भाग्य जनक स्थिति यह है कि हेमंत सरकार अपराध का भी तुष्टिकरण कर रही। हेमंत सरकार के लिए बेटियों की इज्जत नहीं वोट बैंक प्यारा है। कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि अबतक कितने बलात्कारियों को राज्य सरकार ने सजा दिलाई है। फास्ट ट्रैक कोर्ट में कितने मामले लंबित हैं। कहा कि राज्य की बेटियां हेमंत सरकार के कुर्सी मोह को जान चुकी है। इन्हें बेटियों के सम्मान से कुछ भी लेना-देना नहीं है।

Tags - geeta koda bjphemant soren jmm