द फॉलोअप टीम, कोडरमा :
राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख को घोड़े की सवारी करना महंगा साबित हो गया।
बता दें कि जब घुड़सवारी के बाद घोड़े को मंत्री ने अपने हाथों खिलाना चाहा तो घोड़े
ने उनकी हथेली पर दांत गड़ा दी। सूचना मिलते ही मौके पर स्वस्थ विभाग पहुंचा और प्राथमिक
इलाज में जुट गया। सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण के साथमेडिकल टीम उन्हें देखने परिसदन
पहुंची।
मंत्री को टेटवेक के साथ एंटी रेबीज का इंजेक्शन भी लगाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ देर आराम करने की सलाह दी। इस कारण उनके पूर्व के निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।
जानिए कैसे हुआ यह हादसा
दरअसल, जिले में गब्य विकास की
ओर से बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कृषि मंत्री मंगलवार की
देर शाम कोडरमा पहुंचे थे। बुधवार सुबह वे स्थानीय विधायक नीरा यादव के आवास पर
उनसे मिलने पैदल ही जा रहे थे। इस दौरान उनकी नजर बाईपास के समीप बंधे घोड़े पर
पड़ी। मंत्री बादल पत्रलेख अपने आप को रोक नहीं पाए और घुड़सवारी की। बादल पत्रलेख
ने घुड़सवारी के लिए घोड़े के मालिक को बुलाया।
घोड़ा मालिक महेंद्र यादव के पहुंचने पर उन्होंने घोड़े पर चढ़कर बाजार का भ्रमण किया। फिर वे ध्वजाधारी धाम गए और पूजा की। इसके बाद वे अपने हाथ में गुड़ रखकर घोड़े को खिला रहे थे कि घोड़े के दांत उनकी बायीं हथेली में गड़ गए।