logo

पटाखों से भरे ठेले में भीषण ब्लास्ट! 50 फीट दूर जा गिरा उसमें बैठा शख्स, दर्दनाक मौत

7585news.jpg
द फॉलोअप टीम, मंडी गोविंदगढ़: 

जिले में सोमवार की अहले सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। अमलोह के गांव टिबी में पटाखों से भरी मोटरसाइकिल ठेले पर अचानक जोरदार धमाका हो गया। इससे मोटरसाइकिल ठेले पर बैठे दो लोगों में से एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

50 फीट दूर जा गिरा ठेले में बैठा व्यक्ति
बताया जा रहा है की धमाका इतना जबरदस्त था कि मोटरसाइकिल रेहड़ी पर बैठा व्यक्ति 50 फीट दूर जा गिरा। इसके साथ ही धमाका की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। कई घरों के दरवाजे व खिड़कियां टूट गईं। घटना का वीडियो एक घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। धमाका कैसे हुआ इसकी पड़ताल जारी है। 

पटाखे की बोरियों पर बैठा था मृतक
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान रविंदर कुमार निवासी खन्ना के तौर पर हुई है। शख्स पटाखे की भरी 4-5 बोरियों पर बैठा था। मोटरसाइकिल ठेला चला रहे व्यक्ति सुरिंदर सिंह निवासी खन्ना को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उसकी हालत गंभीर है। डीएसपी रघवीर सिंह और एसएचओ अमनदीप सिंह ने जांच की। फॉरेंसिक टीम भी पोटाश से भरे थैलों और विभिन्न पहलुओं पर जांच में जुटी है। 

केस दर्ज कर जांच में जुट गयी पुलिस
बता दें की हादसा उस समय हुआ जब ये लोग पटाखे के भरे थैले मलौद से अमलोह के बाजार में सप्लाई देने जा रहे थे। गांव टिबी में थैले में अचानक ब्लास्ट हो गया। थैलों पर बैठे व्यक्ति के परखच्चे उड़ गए। एसएचओ अमनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने रविंदर कुमार और सुरिंदर सिंह पर केस दर्ज कर लिया है।